प्रयागराज। सहायक वन संरक्षक (एसीएफ)/क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ)-2019 की मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए चयन के अवसर बढ़ गए हैं। बृहस्पतिवार से शुरू हुई मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थियों की उपस्थित केवल 45 फीसदी रही। यह परीक्षा 55 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। एसीएफ/आरएफओ की मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए 438 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। बृहस्पतिवार को सामान्य अध्ययन की परीक्षा थी। सुबह 9.30 से दोपहर 11.30 बजे की पहली पाली में सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्रपत्र और दोपहर 2.30 से शाम 4.30 बजे की पाली में सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्रपत्र की परीक्षा थी। सामान्य प्रश्रपत्र की परीक्षा सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होती है। इसके बावजूद उपस्थिति काफी कम रही और केवल 197 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। यानी 241 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
यह आंकड़े चौंकाने वाले हैं, लेकिन इससे परीक्षा में शामिल अन्य अभ्यर्थियों के लिए चयन के अवसर बढ़ गए हैं। आधे से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा छोडने के पीछे प्रमुख कारण यही है कि कुछ दिनों पहले ही आयोग ने एसीएफ/आरएफओ-2017 का अंतिम चयन परिणाम जारी किया है, जिस के तहत 137 पदों पर भर्ती हुई है। वहीं, इससे ठीक पहले आयोग ने पीसीएस-2018 के तहत 976 पदों का चयन परिणाम जारी किया था। इस दौरान संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा का भी अंतिम चयन परिणाम जारी किया था।
यह पहले से तय था कि कि इन बड़ी परीक्षाओं में जो अभ्यर्थी चयनित हुए हैं और उन्होंने एसीएफ/आररफओ-2019 की मुख्य परीक्षा के लिए भी क्वालीफाई किया है, वे मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं होंगे। उदाहरण सामने है। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के परीक्षा छोडने के बाद अब बाकी अभ्यर्थियों के पास एसीएफ/आरएफओ-2019 में चयन के सुनहरे अवसर हैं, जो अमूमन बहुत कम देखने को मिलता है।
सामान्य हिंदी, निबंध की परीक्षा आज
एसीएफ/आरएफओ-2019 के तहत 16 अक्तूबर को सामान्य हिंदी एवं निबंध (परंपरागत) की परीक्षा होगी। परीक्षा पहली पारी में सुबह 9.30 से 12.30 बजे तक होगी। इसके बाद 17 अक्तूबर से विषयों की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। मुख्य परीक्षा 29 अक्तूबर को समाप्त होगी।