prayagraj news : accident in prayagraj
- फोटो : prayagraj
मेजारोड चौराहे के पुराने पावर हाउस के सामने शनिवार सुबह हाइवे पर स्नानार्थियों से भरी स्कार्पियो सड़क के किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसे में गाड़ी में सवार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल मेजा सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सुरेश सोनी (50) निवासी पैकरा छत्तीसगढ़ को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
प्रयागराज में संगम स्नान करने के लिए छत्तीसगढ़ के अलमा और पैकरा गांव के सात लोग स्कार्पियो से घर से निकले थे। गाड़ी गजेंद्र शर्मा (52) निवासी चन्द्रमेढ़ा छत्तीसगढ़ चला रहा था। गाड़ी जैसे ही मेजारोड के पुराने पावर हाउस के सामने पहुंची, सड़क के किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई। चालक गजेंद्र शर्मा, स्कार्पियो मालिक कृष्ण कुमार पैकरा (55) निवासी अलमा, सुरेश सोनी (50) निवासी पैकरा, मनीष, लखन, राम बहादुर, गोपी राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कार्पियो से घायलों को निकाल सीएचसी मेजा पहुंचाया। जहां सुरेश सोनी को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मेजारोड चौकी इंचार्ज पंकज त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। सुरेश की लाश चीरघर भेज दी गई है। उधर, दुर्घटना के बाद ट्रेलर लेकर चालक भाग गया। स्कार्पियो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।