साइबर जालसाजों ने एक दारोगा को निशाना बनाते हुए उनके खाते से करीब 98 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीददारी कर डाली। दारोगा को जब रकम निकाले जाने का मैसेज मिला, तब उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत बैंक जाकर पता लगाया, तब फर्जीवाड़े के बारे में मालूम चला। उन्होंने अज्ञात के खिलाफ कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस लाइंस में तैनात सब इंस्पेक्टर मो. जफर खान इन दिनों आरटीपी सेल (पुलिस प्रशिक्षण सेल) प्रभारी हैं। उन्होंने कुछ दिनों पहले एसबीआई से एटीएम इश्यू कराया था। मो. जफर के मुताबिक दो दिन पहले डाक से उनके घर एटीएम आया था। इसके बाद रविवार को उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंककर्मी बताते हुए एटीएम एक्टिवेट करने की बात कही। उन्होंने जब मना किया तब उसने कॉर्ड के ब्लॉक हो जाने की बात कही।
यह सुनकर जफर राजी हो गए। इसके बाद जालसाज ने उनसे ओटीपी हासिल कर लिया और कुछ देर में ही करीब 98 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीददारी कर डाली। उनके मोबाइल में जब मैसेज आया तब जफर को फर्जीवाड़े का पता चला। बैंक जाकर पता लगाने पर मालूम चला कि जालसाज ने कई जानी-मानी शापिंग साईट्स पर महंगे मोबाइल फोन समेत अन्य वस्तुओं के लिए भुगतान किया है। भुक्तभोगी ने तहरीर के साथ ही बैंक के कागज भी कर्नलगंज पुलिस को सौंपे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में भी झारखंड के बदमाशों का हाथ सामने आया है।