मेडिकल चौराहे पर घटना, स्तब्ध रह गए राहगीर
प्रयागराज। जार्जटाउन में मेडिकल चौराहे पर टेंपो में बैठी छात्रा का मोबाइल छीनकर बदमाश भाग निकला। सरेशाम हुई इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस देर रात तक सुरागरशी में लगी रही लेकिन बदमाश का कुछ पता नहीं चल सका था।
घटना रात आठ बजे करीब की है। एसआरएन मोड़ के पास से टेंपो पर बैठकर छात्रा अल्लापुर स्थित अपने घर जा रही थी। मेडिकल चौराहे पर सिग्नल लाल होने पर चालक ने टेंपो रोक दिया। इसी दौरान वहां पहुंचा युवक अपनी बाइक टेंपो के करीब लाया और फिर छात्रा के हाथ से मोबाइल छीनकर भाग निकला। सरेशाम हुई घटना से भुक्तभोगी छात्रा के साथ अन्य राहगीर भी स्तब्ध रह गए। छात्रा ने जानकारी दी तो डायल 100 टीम ने बदमाशों का पीछा भी किया। छात्रा ने बताया कि बदमाश पल्सर बाइक पर सवार था और वह मोबाइल छीनने के बाद बालसन की ओर भागा। सूचना पर जार्जटाउन इंस्पेक्टर भी पहुंचे लेकिन पूछताछ के बाद वह वापस लौट गए। उन्होंने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।
चौकी के पास महिला से चेन छिनैती
प्रयागराज। शिवकुटी में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े महिला से चेन छिनैती की वारदात हुई। खास बात यह कि घटना पुलिस चौकी के पास हुई। दारागंज निवासी अनुराधा शुक्ला नारायणी आश्रम में घूमने जा रही थीं। अभी वह टेंपो से उतरकर गेट के पास ही पहुंची थी कि तभी बाइकसवार दो बदमाश उनके गले से सोने की चेन छीनकर भाग निकले। उन्होंने शोर मचाया लेकिन जब तक लोग इकट्ठा होते, बदमाश भाग चुके थे। सूचना पर शिवकुटी पुलिस भी पहुंची गई। जांच पड़ताल की गई लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला। मामले में शिवकुटी इंस्पेक्टर ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है।