एमएनएनआईटी में अबकी मई में गर्मी की छुट्टी 0 देश भर में जारी लॉकडाउन के कारण संस्थान ने कैलेंडर में बदलाव किया . प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में कोरोना महामारी के चलते देश भर में जारी लॉकडाउन के बीच ग्रीष्मकालीन अवकाश पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से पहले करने का फैसला किया है।संस्थान में ग्रीष्मकालीन अवकाश पहली मई से 31मई के बीच रहेगा। अब मिड एवं सेमेस्टर परीक्षाएं गर्मी की छुट्टी के बाद जून में होंगी। संस्थान की ओर से छात्रों के कोर्स पूरा करने के लिए इन दिनों ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। संस्थान के निदेशक प्रो राजीव त्रिपाठी ने बताया कि इन दिनों हमारे शिक्षक लगातार ऑनलाइन क्लास लेकर कोर्स पूरा करने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान की पहली प्राथमिकता बीटेक फाइनल ईयर के छात्रों का कोर्स समय से पूरा करके परीक्षा कराना है। समय से परीक्षा पूरी होगी तो इनका रिजल्ट जल्द जारी कर दिया जाएगा। इससे फाइनल ईयर के जिन छात्रों का प्लेसमेंट हो चुका है, उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। बीटेक पहले, दूसरे और तीसरे वर्ष की परीक्षा में देरी से कैरियर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। प्रो त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना महामारी का खतरा ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद भी बना रहा तो ऑनलाइन परीक्षा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार सेमेस्टर परीक्षाओं में देरी हो रही है। देश भर में कोरोना संकट शुरू होने के साथ ही 18 मार्च से लगातार छुट्टी है, ऐसे में छात्रों का कोर्स पूरा करना पहली प्राथमिकता है।