मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी ) के निदेशक ने कोरोना के चलते बंद पड़े संस्थान के छात्रों को पढ़ाने के लिए बड़ी पहल की है। उन्होंने लॉकडाउन में घर बैठे छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाना शुरू कर दिया है ।
शुक्रवार को शुरू हुई ऑनलाइन क्लास के पहले दिन निदेशक राजीव त्रिपाठी की क्लास में 125 से अधिक छात्र-छात्राओं ने घर बैठे ऑनलाइन भागीदारी की। निदेशक की इस पहल के बाद संस्थान के दूसरे शिक्षक भी आगे आए हैं। निदेशक का कहना है कि वह इस मुहिम को इस दौरान जारी रखेंगे ।
प्रो राजीव त्रिपाठी का कहना है कि लॉकडाउन के चलते छात्रों का जो नुकसान हो रहा है उसे वह और उनके शिक्षक मिलकर पूरा करने की कोशिश करेंगे । निदेशक राजीव त्रिपाठी ने संस्थान के दूसरे शिक्षकों से भी इस मुहिम को घर बैठकर आगे बढ़ाने की बात कही है। संस्थान के शिक्षकों ने अभियान को तेज करने की बात कही है।
प्रो त्रिपाठी का कहना है कि ऑनलाइन और डिजिटल के दौर में छात्रों का कोई नुकसान नहीं होने पाएगा । ऑनलाइन क्लासेज के साथ छात्रों को असाइनमेंट का आवंटन करके उसे ऑनलाइन साल्व करवाकर चेक भी किया जाएगा । कोरोना वायरस का खतरा लगातार बढ़ने के कारण संस्थान ने पहल की है।
इससे छात्रों की पढ़ाई की भरपाई की जा सकेगी। निदेशक का कहना है कि छात्रों के उत्साह को देखते हुए इस अभियान को आगे जारी रखा जाएगा| निदेशक प्रो त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने अपने संस्थान विभिन्न विभागों के शिक्षकों से छात्रों को ऑनलाइन जोड़कर उनकी समस्या का हल करने को कहा है| इस अभियान में यूजी,पीजी और शोध छात्रों को भी जोड़ा जाएगा