मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) में साथी छात्रों की पिटाई और पीजी हॉस्टल में बंधक बनाए जाने से नाराज बीटेक छात्रों ने बुधवार को जमकर हंगामा काटा। नशाखोरी के आरोप में छात्रों के खिलाफ कार्रवाई से भड़के साथियों ने दोपहर में मुख्य परिसर के सरस्वती गेट के सामने सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए चीफ वार्डेन और डीन एकेडमिक का पुतला फूंका। सूचना पर निदेशक प्रो. पी चक्रवर्ती के पहुंचे और छात्रों को समझाने के साथ उनकी कुछ मांगे मानने का आश्वासन दिया। इसके बाद डीन कार्यालय के सामने जुटे छात्र नारेबाजी करने लगे। निदेशक ने पूरे मामले की जांच कराने का चीफ वार्डेन के इस्तीफा की बात कही तो छात्रों का आक्रोश थमा और मामला शांत हुआ।
एमएनएनआईटी के हॉस्टल में कॉलेज प्रशासन ने छापेमारी में की कार्रवाई की थी। छात्रों का आरोप था कि चेकिंग के नाम पर कॉलेज प्रशासन छात्रों का उत्पीड़न कर रहा था। हॉस्टल के गेट और कैंटीन बंदा करा दी गई। इससे छात्रों को आने-जाने में परेशानी होती थी। इतना ही नहीं तीन बीटेक छात्रों और शुभम मिश्र, रजत और विमल को नशाखोरी के आरोप में पीजी हॉस्टल में बंद कर दिया गया था। आरोप लगाया कि चीफ वार्डेन और उनके गार्ड ने शुभम को बुरी तरह पीटा था। साथी के साथ हो रही इस अमानवीय घटना की जानकारी होने पर बीटेक छात्र भड़क गए। छात्रों का आरोप था कि जबरन कॉलेज प्रशासन छात्रों पर झूठे आरोप लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करना चाहता है।
इससे नाराज बीटेक छात्र बुधवार दोपहर एमएनएनआईटी के मुख्य प्रवेश द्वार सरस्वती गेट को अंदर से बंद कर नारेबाजी और प्रदर्शन करने लगे। छात्र चीफ वार्डेन एके सिंह और डीन एकेडमिक के के शुक्ला को हटाने की मांग करते हुए उनका पुतला फूंका और नारेबाजी करने लगे। इससे कॉलेज के अंदर और बाहर जाने का रास्ता बंद हो गया। छात्र किसी को भी अंदर और बाहर नहीं आने-जाने दे रहे थे। हंगामे की सूचना पर कई थानों की फोर्स के साथ सीओ कर्नलगंज वीरेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए।ुु कुछ देर बाद सूचना पर निदेशक पहुंचे। उन्होंने छात्रों से हॉस्टल का गेट खुलवाने और तीनों छात्रों के परिजनों को बुलाया गया है। लेकिन इसके बाद भी छात्र नहीं माने और डीन ऑफिस के बाहर हंगामा करने लगे। छात्रों के हंगामे को देख कर डीन कार से चले गए। बाद में निदेशक पी चक्रवर्ती ने छात्रों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कमेटी करेगी। बताया कि चीफ वार्डेन ने इस्तीफे की पेशकश कर दी है। तब छात्रों का आक्रोश थमा।