एमएनएनआईटी में चल रहा चार दिवसीय उत्सव आविष्कार सम्पन्न
नए अनुभव के साथ विदा हुए देश के दूसरे संस्थानों से आए प्रतिभागी
प्रयागराज। एमएनएनआईटी का तकनीकी एवं प्रबंधन उत्सव आविष्कार शनिवार को संपन्न हो गया। चार दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन बीटेक प्रथम वर्ष प्रोडक्शन इंजीनियरिंग के छात्र कनक अग्रवाल को मिस्टर आविष्कार एवं एमबीए प्रथम वर्ष की प्रीति कुमारी को मिस आविष्कार चुना गया। बीटेक इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्युनिकेशन तीसरे वर्ष के वत्सल ग्रोवर को ओवर ऑल बेस्ट परफारमर चुना गया।
आविष्कार के अंतिम दिन की शुरुआत नोसोमेनिया के अंतर्गत सामान्य क्विज एवं इंडिया क्विज में सवाल-जवाब से हुआ। इसमें देश भर के संस्थानों के प्रतिभागी शामिल हुए। इंडिया क्विज का संचालन क्विज मास्टर ऑफ इंडिया के तौर पर पहचान रखने वाले आदित्य नाथ ने किया। उन्होंने छात्रों को उलझन में डालने वाले सवाल पूछे। देश के अलग-अलग संस्थानों से आए प्रतिभागी समारोह की सुखद स्मृतियों के साथ विदा हुए। समारोह के आयोजन में सभी पूर्व सचिव कनद कुमार अमर, कौशिक मुखर्जी, निशीथ भारद्वाज, प्रखर लोहुमी, विशेष तायल, शिवानी गौतम तथा अनुश्री गांगुली तथा छात्र-छात्राओं की प्रमुख भूमिका रही। आयोजन में संस्थान के सभी वरिष्ठ शिक्षकों के साथ छात्रों का प्रमुख योगदान रहा।
छात्रों को मशीन के कचरे के उपयोग की जानकारी दी
माइक्रोकॉसम की ओर से आयोजित स्क्रैपहीप के अंतर्गत छात्रों को यह बताया गया कि किस प्रकार उद्योग क्षेत्र में मशीनों के कचरे का सही उपयोग करके निर्माण कार्य किया जाए। निर्माण के तहत आयोजित कॉनक्यूब कार्यक्रम में छात्रों का उत्साह बना रहा। प्रीफाइंड हार्डवेयर कार्यक्रम में छात्रों ने अपने प्रोजेक्ट की अच्छे तरीके से प्रस्तुति की।