फेमिना मिस इंडिया, मिस वर्ल्ड और मिस यूनिवर्स जैसी सौंदर्य प्रतियोगिताओं में बड़े शहर की लड़कियां ही पहुंचती थीं। छोटे शहर की लड़कियों के लिए सपना होता था। तमाम जरूरी संसाधनों की कमी, संकीर्ण मानसिकता और भ्रांतियों केचलते छोटे शहर की लड़कियां ऐसी प्रतियोगिताओं में पहुंच नहीं पाती थी। दो वर्ष से इसी कमी को दूर करने की कोशिश की जा रही है। छोटे शहर के शैक्षणिक संस्थानों के वार्षिक कार्यक्रमों में पहुंचकर ‘कैंपस प्रिंसेस’ का चुनाव किया जा रहा है। कैंपस प्रिंसेस चुनी जाने वाली छात्रा को मिस यूनिवर्स केफाइनल राउंड में सीधे पहुंचने का मौका मिल सकता है। यह बातें फेमिना मिस इंडिया-2013 एवं मिस एशिया पैसेफिक वर्ल्ड-2014 की विजेता अनुकृति गोसाईं ने कही। वह मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के वार्षिक कार्यक्रम ‘कलरव’ में कैंपस प्रिंसेस का चुनाव करने पहुंची थीं।
संस्थान के गेस्ट हाउस में अनौपचारिक बातचीत में पूर्व फेमिना मिस इंडिया ने कहा कि एक इंजीनियरिंग संस्थान से अमूमन एक कैंपस प्रिंसेस का चुनाव किया जा रहा है। कभी-कभी एक से अधिक प्रिंसेस का भी चुनाव हो सकता है। कैंपस प्रिंसेस को मुंबई में प्रतियोगिता में भाग लेने केलिए प्रशिक्षित किया जाता है। इसके बाद उन्हें ‘मिस दिवा यूनिवर्स’ में भाग लेने का मौका दिया जाता है। यहां पर उन्हें मिस यूनिसर्व के फाइनल राउंड में सीधे पहुंचने का मौका मिलता है।
देहरादून की बीटेकअनुकृति गोसाईं ने बताया कि दो वर्ष में 40 से अधिक इंजीनियरिंग कॉलेज में कैंपस प्रिंसेस का चुनाव कर चुकी हैं। इस साल सात कॉलेजों में चयन किया जा चुका है। इलाहाबाद में पहली बार ऑडिशन किया गया है। इसके बाद कानपुर, बनारस सहित प्रदेश केदूसरे इंजीनियरिंग कॉलेजों में कैंपस प्रिंसेस का चुनाव होगा। कहा कि छात्राएं इसमें कॅरियर भी बना सकती हैं। बातचीत में उन्हाेंने अपनी आगामी योजनाओं के बारे में भी बताया। कहा कि जूम चैनल पर उनके द्वारा होस्ट किए गए दो ‘शो’ आने वाले हैं। वे एंकरिंग को अपना पैशन मानती हैं। कहा कि अगर अच्छी स्क्रिप्ट मिली तो फिल्मों में भी किस्मत आजमाएंगी।
मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में चल रहे वार्षिक कार्यक्रम ‘कलरव-2015’ के अंतिम दिन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की अंकिता मिश्रा, कंप्यूटर साइंस की मालविका पांडेय, भावना जैन और तृतीय वर्ष की छात्रा आस्था अवस्थी ने 19 प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए ‘कैंपस प्रिंसेज’ का खिताब जीतकर ‘मिस दिवा यूनिवर्स’ के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया। अब उन्हें मुंबई में एक हफ्ते तक सौंदर्य प्रतियोगिता में भाग लेने केलिए प्रशिक्षित किया जाएगा। कैंपस प्रिंसेज चयन में कुल 23 प्रतिभागी शामिल हुए थे। चुनाव करने के लिए फेमिना मिस इंडिया अनुकृति गोसाईं मौजूद रहीं।
मोती लाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में चल रहे वार्षिक कार्यक्रम ‘कलरव-2015’ के अंतिम दिन जैव प्रौद्योगिकी विभाग की परास्नातक छात्रा कंचन को मिस स्पंदन और बीटेक छात्र आशीष को मिस्टर स्पंदन चुना गया। इसके पूर्व टेक्नोक्रेट्स ने रैंप पर जमकर जलवा बिखेरा। हॉलीवुड, बॉलीवुड गीतों के बीच कैटवॉक किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम के संयोजक डॉ. असीम मुखर्जी, छात्र गतिविधि केंद्र अध्यक्ष डॉ. शिवेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।