स्नातक चुनाव को लेकर भाजपा व सपा आमने-सामने है। इलाहाबाद-झांसी खंड से भाजपा और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मैदान में है। लगातार प्रचार प्रसार चल रहा है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने इलाहाबाद झांसी खंड के विभिन्न जिलों में बोगस मतों की सूची जारी की है जिसमें सबसे ज्यादा प्रयागराज के बोगस वोटर मिले हैं जिनकी संख्या 3163 है। इसमें तमाम ऐसे वोटर हैं जिनका एक ही वोटर लिस्ट में दो से तीन बार नाम जोड़ा गया है। भाजपा ने इसके लिए निर्वाचन आयोग को भी पत्र लिखा है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में एक से अधिक बार पाया जाता है, तो कानूनी कार्रवाई और सजा का प्रावधान है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 17 और 18 के अनुसार, कोई भी नागरिक एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्र में या एक ही क्षेत्र की मतदाता सूची में एक से अधिक बार अपना नाम दर्ज नहीं करा सकता। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर गलत जानकारी देकर या सच छिपाकर एक से अधिक मतदाता पहचान पत्र बनवाता है या एक से अधिक जगह नाम दर्ज रखता है, तो धारा 31 के तहत उसे 1 वर्ष तक की जेल, जुर्माना या दोनों की सजा हो सकती है।