कोरोना की चपेट में लगातार डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी आते जा रहे हैं। शनिवार को एसआरएन के वरिष्ठ चिकित्सक, रेडियोलॉजिस्ट, वरिष्ठ ऑप्थोमोलॉजिस्टि के पॉजिटिव आने के बाद रविवार को एक निजी अस्पताल के संचालक भी पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा फाफामऊ के विधायक विक्रमाजीत मौर्या भी इसके चपेट में आ गए हैं। विधायक के परिवार के कई सदस्य इसके पहले भी पॉजिटिव आकर ठीक हो चुके हैं। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि रविवार को 338 लोगों में 190 एंटीजन और 137 आरटीपीसीआर से पॉजिटिव आए हैं। इसमें 28 निजी लैबों में जांच हुई है। 11 ट्रू्नॉट में संक्रमित मिले हैं। बताया कि रविवार को एनटीपीसी मेजा के अधिकारी, फिजियोथिरेपिस्ट, मेडिकल कॉलेज कर्मचारी, ईएसआई हॉस्पिटल का वार्ड ब्वॉय, सीडीए पेंशन के अधिकारी, ट्रैफिक पुलिस का टीएसआई, जार्जटाउन थाने का एसआई और सिपाही, एजी ऑफिस का ऑडिटर, निजी अस्पताल का फार्मासिस्ट, हंडिया के बीडीओ, बेली अस्पताल का हेड कांस्टेबल, बिजली विभाग के जेई, सीएचसी मऊआइमा का कर्मचारी संक्रमित हुए हैं। इनके संपर्क मेें आने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। सभी की कोविड-19 की जांच होगी। डॉ. सहाय ने कहा कि रविवार को पॉजिटिव आने वालों में 70 फीसदी से अधिक लोगों ने होम आइसोलेशन मांगा है।