रानीगंज विद्युत उपकेंद्र स्थित कार्यालय पर बिल में छूट कराने व बिल संशोधन कराने को लेकर कांउटर पर दलालों का जमावड़ा देख विधायक धीरज ओझा भडक़ उठे। काउंटर पर अव्यवस्था को लेकर एसडीओ को कड़ी फटकार लगाई। यह देख दलाल भाग खड़े हुए। विद्युत उपकेंद्र के निरीक्षण के दौरान कदम-कदम पर अव्यवस्था मिली।
विद्युत उपकेंद्र रानीगंज में सरचार्ज माफी योजना की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। इससे बिल जमा करने के लिए बकाएदारों का उपकेंद्र पर जमावड़ा लगा रहता है। दलालों द्वारा बिल मेें छूट कराने व फार्म के नाम पर उपकेंद्र पर वसूली का खेल चल रहा है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक धीरज ओझा से की।
जिसे गंभीरता से लेते हुए सोमवार को दोपहर तीन बजे विधायक धीरज ओझा उपकेंद्र का निरीक्षण करने पहुंच गए। काउंटर पर दलालों का जमावड़ा देख वह भडक़ उठे। कार्यालय में मौज काट रहे एसडीओ रानीगंज संतोष पटेल को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि फार्म के नाम पर वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छूट कराने के नाम पर वसूली करने वाले दलालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस दौरान कार्यालय से लेकर काउंटर तक के निरीक्षण के दौरान कदम- कदम पर अव्यवस्था दिखी।