फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में छूटा सामान, बम्हरौली एयरपोर्ट पर हंगामा

Sun, 24 May 2015 01:47 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद। एयर इंडिया की फ्लाइट से शनिवार को दिल्ली से इलाहाबाद पहुंचे यात्रियों ने बम्हरौली हवाई अड्डे पर जमकर हंगामा किया। तमाम यात्रियों का जरूरी सामान दिल्ली में छूट जाने के कारण हंगामा हुआ। यात्रियों को शांत कराने में एयरपोर्ट प्रबंधन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। यात्रियों को सामान के लिए एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा तो कई मुसाफिर बिना सामान लिए गंतव्य की ओर चले गए। बाद में दिल्ली से सामान आने पर उन तक पहुंचाया जाएगा।
विज्ञापन


एयर इंडिया की दिल्ली-इलाहाबाद फ्लाइट शनिवार शाम 70 यात्रियों को लेकर इलाहाबाद के बम्हरौली एयरपोर्ट पहुंची। यात्री सामान के इंतजार में एयरपोर्ट पर खड़े हो गए। काफी देर इंतजार करने के बाद मालूम हुआ कि तकरीबन 40 यात्रियों का सामान तो आया ही नहीं। इस पर  यात्रियों ने एयरपोर्ट के अफसरों से संपर्क किया। अफसरों ने बताया कि उनका सामान जल्द ही मिल जाएगा लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी सामान नहीं आया। यात्रियों का सब्र टूट गया और वे भड़क गए। एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू हो गया।

 एयरपोर्ट प्रबंधन की तरफ से यात्रियों को बताया गया कि उनके बैगेज सुरक्षित हैं। बैगेज दिल्ली से लखनऊ और फिर वहां से सड़क मार्ग से इलाहाबाद लाए जा रहे हैं। फ्लाइट से आए दरभंगा कॉलोनी के कैप्टन अजय कुमार ने बताया कि वे चेन्नई से दिल्ली आए। वहां से इलाहाबाद के लिए चले लेकिन बमरौली एयरपोर्ट पर सामान न मिलने से समय से पहुंचने का कोई फायदा नहीं हुआ। यह एयर इंडिया की लापरवाही है। उन्हें घंटो एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया को इसके लिए मुआवजा देना चाहिए। वहीं, इसी फ्लाइट से आए हरिश्चंद्र शोध संस्थान के वैज्ञानिक प्रो. मुखोपध्याय ने बताया कि सामान साथ न भेजना एयरपोर्ट अथॉरिटी की लापरवाही है। इससे मुसाफिरों को काफी परेशानी हुई। इसकी शिकायत एयरपोर्ट मैनेजर से की गई है।
विज्ञापन


भीषण गर्मी के कारण नहीं आया सामान
इलाहाबाद (ब्यूरो)। एयरपोर्ट पर तैनात एक अफसर ने बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट दिल्ली से इलाहाबाद के लिए चली तो दिल्ली का तापमान काफी अधिक था। जिसकी वजह से फ्लाइट में सभी यात्रियों का सामान भेज पाना सुरक्षा की दृष्टि से ठीक नहीं था। इसलिए यात्रियों का बैगेज उनके साथ नहीं भेजा गया। बाद में सामान दिल्ली से फ्लाइट से लखनऊ भेजा गया। वहां से सामान सड़क मार्ग से बम्हरौली एयरपोर्ट आएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें