टैगोर टाउन के अधिशासी अभियंता महेंद्र प्रसाद पर गंभीर आरोप लगे हैं। यह आरोप गल्ला बाजार में रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने लगाए हैं। शुक्रवार को किशोरी ने अधिवक्ताओं के साथ पुलिस आयुक्त रमित शर्मा के कार्यालय का घेराव करके अधिशासी अभियंता पर गाली-गलौज करने और जबरन घर में घुसने के आरोप लगाए हैं। किशोरी ने अधिवक्ताओं के साथ कर्नलगंज थाने में तहरीर भी दी है।
कर्नलगंज थाने में तहरीर देने के बाद शुक्रवार की दोपहर किशोरी अपनी मां और अधिवक्ताओं के साथ पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंची। यहां उसने बताया कि बृहस्पतिवार को दिन में करीब एक बजे जब वह घर में अकेली थी, उसी समय पांच-छह लोग उसके दरवाजे पर आए और अपना परिचय बिजली विभाग के अधिकारी महेंद्र प्रसाद और अंकित सिंह के रूप में दिया। उन्होंने घर की बिजली चेक करने की बात कही, तो उसने घर में किसी के न होने की बात कही।