केंद्रीय मानव संसाधन, एवं जल संसाधन, नदी विकास, गंगा पुनरुद्धार राज्य मंत्री डॉ सत्यपाल सिंह ने शनिवार की सुबह संगम तट पर श्रमदान किया। उन्होंने गंगा किनारे फैले कचरे की सफाई। गंगा स्वच्छता पखवारा के अंतिम दिन मंत्री के साथ महापौर अभिलाषा गुप्ता और सांसद श्यामचरण गुप्त ने भी झाडू लगाई। मंत्री ने श्रद्धालुओं और नागरिकों से पावन धारा को स्वच्छ रखने के लिए की बढ़ चढ़ कर योगदान देने की अपील की, ताकि गंगा को अविरल-निर्मल बनाने के प्रयासों को बल मिल सके।
संगम तट पर गंगा स्वच्छता पखवारा के तहत कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि हमें गंगा में किसी तरह की गंदगी न करने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि पावन धारा को स्वच्छ रखने की प्रेरणा औरों को भी मिल सके। गंगा को अविरल एवं निर्मल बनाने के लिए केंद्र सरकार कृत संकल्पित है।
केंद्रीय मंत्री ने इलाहाबादवासियों का आह्वान किया कि वह घर-घर से गंगा को स्वच्छ बनाने के लिए निकलें और अपना योगदान दें। उन्होंने साधु -संतों से भी आग्रह किया कि वह गंगा निर्मलीकरण अभियान को जन आंदोलन के रूप में प्रोत्साहित करने के लिए अपना सहयोग दें। वहां मौजूद लोगों को गंगा में किसी प्रकार की गंदगी न करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर मंडलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल, जिलाधिकारी सुहास एलवाई, कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद भी उपस्थित थे।
केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री ने आईटीबीपी एवं आरएएफ के जवानों की ओर से संगम क्षेत्र और गंगा घाट पर किए गए श्रमदान की सराहना की। उन्होंने गंगा स्वच्छता पखवारा के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में अव्वल आने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया। साथ ही संगम क्षेत्र में लगी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।