नगर कोतवाली के गायत्री नगर में बंधक बनाकर लूट के दौरान अचेत महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन।
- फोटो : PRATAPGARH
नगर कोतवाली के गायत्री नगर बलीपुर में बदमाश दिनदहाड़े चिकित्सक की पत्नी को बंधक बनाकर लाखों के जेवर व नकदी लूट ले गए। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के साथ दो महिलाएं भी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
गायत्री नगर बलीपुर में किराए पर जिला प्रोबेशन कार्यालय है। उसी मकान की पहली मंजिल पर चिकित्सक एके विश्वास परिवार समेत रहते हैं। परिवार में पत्नी रितु और एक बेटी है। शनिवार सुबह बेटी स्कूल चली गई थी और चिकित्सक अपनी क्लीनिक चले गए थे। घर में चिकित्सक की पत्नी रितु अकेली थीं।
रितु ने बताया कि डोरबेल बजने पर जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला तो एक बदमाश ने उन पर तमंचा तान दिया और गोली मारने की धमकी देते हुए दो महिलाओं समेत चार लोग जबरन अंदर घुस आए। बदमाशों ने कमरे में ले जाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए और अलमारी में रखे करीब दो लाख के जेवर और 65 हजार रुपये नकद लूट लिए। जाते वक्त बदमाशों ने रितु को नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गईं। इसके बाद बदमाश बाहर से दरवाजा बंद करके भाग गए। इस बीच बाहर से दरवाजा बंद देख जिला प्रोबेशन कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी को शंका हुई तो वह दरवाजा खोलकर अंदर पहुंच गया। कमरे में उसने रितु को बेहोश पड़ा पाया। इसके बाद उसने ही चिकित्सक और पुलिस को घटना की जानकारी देकर रितु को जिला अस्पताल ले गया।