इलाहाबाद। सिविल लाइंस में शनिवार सुबह बदमाशों ने सरदार पटेल मार्ग स्थित मोबाइल शॉप में अनोखे अंदाज में चोरी कर डाली। सुबह लगभग साढ़े छह बजे सात की संख्या में पहुंचे चोरों ने शटर के बाहर परदा डालकर ढक दिया। एक बदमाश अंदर घुस गया। बाकी वहां से हट गए। दुकान के अंदर घुसा बदमाश लगभग सवा घंटे में 110 मोबाइल और कैश बॉक्स में रखे 70 हजार रुपये बटोर कर पिछले रास्ते से भाग निकला।
करीब ढाई घंटे बाद दुकान मालिक के आने पर चोरी का पता चला तो सिविल लाइंस पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर छानबीन की। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चोरों की करतूत दिख रही है। हालांकि बदमाशों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
टैगोर टाउन के रहने वाले प्रदीप कुमार गुप्ता की सरदार पटेल मार्ग पर रिलायंस मॉल के बगल इलाहाबाद इलेक्ट्रॉनिक के नाम से मोबाइल शॉप है। दुकान उनका बेटा सुदीप संभालता है। शनिवार सुबह तकरीबन दस बजे सुदीप दुकान खोलने पहुंचा तो शटर पर बाहर से परदा लगा देख उसका माथा ठनका। परदा हटाने पता चला कि शटर को टेढ़ाकर उठाया गया है। दुकान के अंदर का हाल देखकर वह परेशान हो गया।
दुकान के अंदर मोबाइल के खाली डिब्बे बिखरे हुए थे। कैश काउंटर खुला था और उसमें रखे 70 हजार रुपये गायब थे। दुकान में चोरी का पता चला तो आसपास के तमाम कारोबारी वहां आ गए। खबर मिलने पर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस महेश पांडेय भी पहुंचे। इंस्पेक्टर ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉयड को बुलाकर जांच की। पुलिस ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। उसमें दिखा कि सुबह छह बजकर 24 मिनट पर सात युवक आते हैं। वे शटर पर बाहर से परदा डाल देते हैं। इसके बाद छह युवक तो वहां से चले जाते हैं।
जबकि एक बदमाश शटर को टेढ़ाकर उठाने के बाद दुकान के अंदर घुस जाता है। वह दुकान से नगदी और 110 मोबाइल लेकर पिछले रास्ते से भाग गया। दुकानदार के मुताबिक चोर लगभग 15 लाख का माल ले गए हैं। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी है।
सिविल लाइंस में लगभग पांच साल पहले भी ऐसे अनोखे अंदाज में तकरीबन पचास लाख की चोरी हुई थी। बदमाश दूसरी मंजिल स्थित दुकान के बाहर ट्रक खड़ी कर देते हैं। दुकान का शटर तोड़कर लाखों का माल ट्रक में भरकर चोर भाग जाते हैं। इस दौरान कई बार पुलिस की जीप गश्त करते हुए उधर से निकली लेकिन पुलिस वालों को चोरी की भनक तक नहीं लगी थी।
रात में पुलिस भले ही गश्त करती हो लेकिन भोर में पुलिस वाले गायब हो जाते हैं। सुबह चार बजे के बाद पुलिस वाले जीप थाने में खड़ी कर सो जाते हैं। वहीं पीसी और चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी भी गायब हो जाते हैं। उन्हें इस समय सीओ की चेकिंग का भी भय नहीं रहता है। क्योंकि वे लगभग तीन बजे तक चेकिंग कर निकल चुके रहते हैं। सीओ के चेकिंग कर जाते ही पुलिसवाले नदारद हो जाते हैं।