भारतीय जाली मुद्रा की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य व नैनी थाने के पच्चीस हजार के इनामी विश्जजीत सरकार को बृ़हस्पतिवार को एसटीएफ ने छिवकी रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया विश्वजीत सरकार पुत्र गेंदु सरकार निवासी जयनपुर थाना वैष्णव नगर जनपद मालदा, पश्चिम बंगाल का निवासी है। उसके पास से आधार कार्ड, मोबाइल के अलावा 1020 रुपये नगद बरामद हुआ है।
बृहस्पतिवार को एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, दरोगा वेद प्रकाश पांडेय, मुख्य आरक्षी अजय सिंह यादव, मुख्य आरक्षी प्रभंजन पांडेय, मुख्य आरक्षी पंकज तिवारी, आरक्षी किशन चंद्र की टीम नैनी क्षेत्र आपराधिक अभिसूचना संकलन में व्यस्त थी। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि भारतीय जाली मुद्रा का कारोबार करने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य विश्वजीत जो 25 हजार का इनामी भी है, वह छिवकी स्टेशन के पास अपने किसी साथी से जाली मुद्रा के लेनदेन को लेकर मौजूद है। जानकारी मिलने के बाद टीम ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।