बेमौसम की बारिश और तेज आंधी से क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। इलाके के ग्राम बांका जलालपुर, छीतेमऊ, वाजिदपुर, मदारी, जमखुरी, अलावलपुर आदि गांवों में नहरों का जाल बिछा होने तथा सिंचाई के साधन अधिक होने से यहां किसान सब्जी की खेती बड़ी मात्रा में करते हैं।
सब्जी के खेती करने वाले मुकेश, जीतलाल, मेहीलाल, राकेश आदि कृषकों ने बताया कि कई दिनों से मौसम की खराबी आंधी पानी से लौकी, तोरई, करेला, भिंडी, टमाटर, बैगन आदि में लगे फूल और फल गिरकर नष्ट हो गए हैं। भिंडी, टमाटर,बैंगन आदि में रोग लग गया है। दवा के छिड़काव के बाद बारिश हो जा रही है, जिससे दवा का असर खत्म हो जा रहा है तथा उपज में हानि हो रही है। पानी अधिक लगने से खरबूज और तरबूज में भी रोग लग जाने से उनकी मिठास खत्म हो जाती है।