सर्राफ के साथ लूटपाट करने वाले लुटेरों की तलाश में मेजा के एसीपी एसपी उपाध्याय ने पुलिस की चार टीमें टीमें गठित की हैं। जिसमें मेजा थानाध्यक्ष के साथ मेजारोड, सिरसा और कोंहड़ार चौकी इंचार्ज को लगाया गया है। दूसरे दिन मेजा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के सहारे लुटेरों की तलाश में जुटी रही। हालांकि 24 घंटे बाद भी लुटेरों का किसी प्रकार का क्लू नहीं मिल सका है। घटना को लेकर सर्राफ कारोबारियों में आक्रोश है। कारोबारियों का कहना है कि आए दिन बेखौफ बदमाश घटना को अंजाम दे रहे हैं।
बता दें कि सिरसा के सर्राफ राज सेठ लालतारा बाजार में ज्वेलरी की दुकान चलाता है। बुधवार रात में वह दुकान बंदकर बाइक से घर लौट रहा था कि मेजा के बरसैता नाले के पास बेखौफ बदमाशों ने उसकी पिटाई कर उसे लूट लिया। बताया जाता है कि बाइक की डिक्की में झोले में करीब डेढ़ लाख रुपये के गहना रखे थे। बदमाशों ने लूट लिया था।
मेजा थानाध्यक्ष राजेश उपाध्याय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया है। लालतारा में ज्वेलरी की दुकान के बगल कपड़े की दुकान पर कुछ संदिग्ध लोग सीसीटीवी कैमरे में दिखे हैं। उनकी तलाश की जा रही है। उधर, सर्राफ कारोबारी ज्ञान चन्द्र वर्मा, सिंटू सेठ सहित कई कारोबारियों ने घटना को लेकर आक्रोश जताया है। साथ ही जल्द से जल्द लुटेरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।