प्रयागराज। खुल्दाबाद स्थित मंसूर अली पार्क में सीएए व एनआरसी के विरोध में चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने गई महिला से छेड़खानी की गई। साथ ही मारपीट करते हुए उसे धक्का देकर भगा दिया गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगोें पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना 26 जनवरी की है। करेली निवासी महिला का आरोप है कि वह दोपहर में मंसूर अली पार्क में चल रहे धरने में शामिल होने गई थी। आरोप है कि जब उसने प्रदर्शनकारियों से कुछ कहना चाहा तो वहां मौजूद सारा अहमद सिद्दीकी निवासी सल्लाहपुर ने उसे रोका। यही नहीं 5-6 वालंटियर को बुलाकर उसे धक्का भी दिया। कुछ लड़कों न उससे छेड़खानी और विरोध पर गालीगलौज की। आरोपियों में एक लड़के का नाम उमर खालिद है। महिला का यह भी आरोप है कि उसे धमकी भी दी गई। कहा गया कि दोबारा पार्क में आने पर जान से मरवा दिया जाएगा। पीड़ित महिला ने खुल्दाबाद थाने पहुंचकर लिखित शिकायत की, जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। खुल्दाबाद पुलिस का कहना है कि फिलहाल तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस ने फिर की घेराबंदी, तनाव
प्रयागराज। उधर, सोमवार को एक बार फिर पुलिस ने मंसूर अली पार्क स्थित धरनास्थल की घेराबंदी की, जिससे वहां स्थित तनावपूर्ण हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर में खुल्दाबाद थाने की फोर्स के साथ ही पीएसी के जवान पहुंचे और फिर चारों ओर से पार्क को घेर लिया। इसकी सूचना मिलने पर पार्क में तेजी से लोग जमा होने लगे। जिस पर पुलिस कुछ देर रहने के बाद लौट गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस जबरन कुछ लोगों को हिरासत में लेने पहुंची थी, लेकिन भीड़ देखकर उसे वापस जाना पड़ा। हालांकि, खुल्दाबाद पुलिस ने इससे इंकार किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस किसी को हिरासत में लेने नहीं गई थी। एक दिन पहले वहां महिला से छेड़खानी व मारपीट की घटना हुई थी। इसे लेकर ही एहतियातन वहां पुलिस गई थी। स्थिति सामान्य देखकर फोर्स वहां से लौट आई।