मरम्मत के दौरान एयर कंडीशनर का कंप्रेसर तेज आवाज के साथ फट जाने से एसी मैकेनिक का दाहिन हाथ उड़ गया। साथ ही चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटे आई हैं। हादसा शुक्रवार को जार्जटाउन इलाके में एसी ठीक करने के दौरान हुआ।
मरम्मत के दौरान एयर कंडीशनर का कंप्रेसर तेज आवाज के साथ फट जाने से एसी मैकेनिक का दाहिन हाथ उड़ गया। साथ ही चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटे आई हैं। हादसा शुक्रवार को जार्जटाउन इलाके में एसी ठीक करने के दौरान हुआ। आनन फानन में मैकेनिक को उपचार के लिए एसआरएन अस्पताल लाया गया।
विज्ञापन
बहरिया इलाके के रामपुर दौलतपुर गांव का निवासी तस्लीम एक बड़ी कंपनी में एयर कंडीशनर का मैकेनिक है। जार्जटाउन के एक कस्टमर ने कंपनी में शिकायत दर्ज कराई थी उसका एयर कंडीशनर ठंडा नहीं कर रहा है। कंप्रेसर में खराबी की आशंका जताई थी। शुक्रवार को कंपनी की ओर से एसी की मरम्मत करने के लिए तस्लीम पहुंचा था। मरम्मत के दौरान कंप्रेशर तेज आवाज के साथ फट गया। इससे हलचल मच गई। विस्फोट की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन फानन में उसे अस्पताल लाया गया। खून से लथपथ तस्लीम को प्राथमिक चिकित्सा के लिए ट्रॉमा सेंटर में लाया गया तो डॉक्टरों ने उसे डिजिटल एक्सरे के लिए भेज दिया।
एक्सरे के लिए स्ट्रेचर पर लेटकर अपनी बारी का इंतजार करता रहा तस्लीम
स्ट्रेचर पर लेटा कर अस्पताल के कर्मचारी और परिजन तस्लीम को लेकर डिजिटल एक्सरे के लिए पहुंचे तो बताया गया कि मशीन खराब है और कई दिनों से बंद पड़ी है। नई बिल्डिंग में ले जाने को कहा गया। इसके बाद तस्लीम को लेकर नई बिल्डिंग स्थित डिजिटल एक्सरे के लिए लाया गया तो यहां पहले से ही काफी लंबी लाइन लगी थी। खून से लथपथ तस्लीम स्ट्रेचर पर लेटकर काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करता रहा। एक घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद उसका एक्सरे कराने के बाद उपचार शुरू किया गया। परिजन गुहार लगाते रहे लेकिन एक्सरे के कर्मचारी और अस्पताल के अधिकारी कुछ भी सुनने के लिए तैयार नहीं थे।