फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौनी अमावस्या: संगम नोज समेत हर संवेदनशील प्वाइंट पर एटीएस कमांडो की होगी नजर

Mon, 31 Jan 2022 09:19 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

स्नान पर्व सकुशल संपन्न कराने के लिए एक दिन पहले ही जवान ड्यूटी पर मुस्तैद कर दिए जाएंगे यानी सोमवार से फोर्स तैनात हो जाएगी। इसमें पुलिस के साथ ही पीएसी और एटीएस के साथ ही जल पुलिस की टीमें शामिल हैं।
विज्ञापन
Prayagraj News : मौनी अमावस्या के चलते माघ मेले में सघन चेकिंग की गई। - फोटो : प्रयागराज
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

माघ मेले के तीसरे स्नान पर्व मौनी अमावस्या के मद्देनजर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अफसरों व जवानों को मिलाकर पांच हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी तो संगम नोज समेत हर संवेदनशील प्वाइंट पर एटीएस कमांडो मुस्तैद किए जाएंगे।

विज्ञापन



उधर, दो दिन पहले ही सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की सघन चेकिंग शुरू करा दी गई है। एंटी सबाटोज टीम और बीडीडीएस के साथ ही एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड की टीम मेले के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही हैं।


स्नान पर्व सकुशल संपन्न कराने के लिए एक दिन पहले ही जवान ड्यूटी पर मुस्तैद कर दिए जाएंगे यानी सोमवार से फोर्स तैनात हो जाएगी। इसमें पुलिस के साथ ही पीएसी और एटीएस के साथ ही जल पुलिस की टीमें शामिल हैं। एसपी मेला देर रात तक खुद मेला क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लेते रहे।

विज्ञापन

Prayagraj News : माघ मेले में तैनात पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के बारे में बताते अधिकारी। - फोटो : प्रयागराज
पुलिसकर्मियों को दिए गए दिशानिर्देश

सुरक्षा में तैनात पुलिस बल में एडिशनल एसपी से लेकर सिपाही तक के पुलिसकर्मी शामिल हैं। मेला क्षेत्र स्थित रिजर्व पुलिस लाइन के मानसरोवर सभागार में शाम को पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके बाद मेला एसपी के नेतृत्व में एटीएस व अन्य टीम ने संगम नोज पहुंचकर सुरक्षा संबंधी तैयारियों को देखा।


साथ ही एक-एक प्वाइंट को चेक भी किया। मेला एसपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि सभी जवानों को उनके ड्यूटी प्वाइंट बता दिए गए हैं, साथ ही एक दिन पहले से ही उनकी ड्यूटी भी लगा दी गई है।

Prayagraj News : माघ मेले में रविवार को काफी भीड़ देखी गई। - फोटो : प्रयागराज
कोविड गाइडलाइन का पालन बड़ी चुनौती
इस बार माघ मेले में कोविड गाइडलाइन का पालन कराना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है। इसी के तहत मास्क न लगाने वालों का चालान किया जा रहा है। एसपी मेला ने बताया कि लगभग सभी पुलिसकर्मियों का कोविड टेस्ट करा लिया गया है। इसके अलावा नाव संचालकों का भी कोविड टेस्ट कराया गया। मेला क्षेत्र के 16 प्रवेश द्वारों व पार्किंग स्थलों पर थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था की गई है। जिनमें भी लक्षण दिखेेंगे, उन्हें आइसोलेट कराया जाएगा।


मेला क्षेत्र में तैनाती
तीन एडिशनल एसपी, आठ डिप्टी एसपी, 20 इंस्पेक्टर, 200 एसआई, 180 हेड कांस्टेबल, 1350 कांस्टेबल, 1150 होमगार्ड, 400 पीआरडी जवान, 10 कंपनी पीएसी, एसडीआरएफ, एटीएस।

Prayagraj News : माघ मेला। - फोटो : प्रयागराज
संगम क्षेत्र में तीन दिन तक वाहनों के प्रवेश पर रोक
मौनी अमावस्या के मद्देनजर मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर तीन दिनों तक रोक लगा दी गई है। इस दौरान केवल प्रशासनिक व चिकित्सीय वाहन ही जा सकेंगे। मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन प्लाट नं 17, पांटून पुल वर्कशाप, गल्ला मंडी दारागंज, हेलीपैड, काली सड़क पर यातायात पुलिस लाइन के सामने व बगल में, ओल्ड जीटी कछार पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे।


इसके अलावा संगम आने वाले श्रद्धालुओं को जीटी जवाहर से प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद काली सड़क से होते हुए काली रैंप होकर वह संगम अपर मार्ग से संगम तक जा सकेंगे। वापसी में संगम क्षेत्र से अक्षयवट मार्ग से होते हुए इंटरलॉकिंग मार्ग से जगदीश रैंप एवं त्रिवेणी मार्ग चौराहे से पार्किंग स्थल पर पहुंचेंगे। प्रवेश जीटी जवाहर और निकास हर्षवर्द्धन चौराहे जाने वाले मार्ग से होगा। 
विज्ञापन

Prayagraj News : माघ मेला क्षेत्र स्थित तपस्वी नगर में कुछ इस रुप में दिखे साधु-संत। - फोटो : प्रयागराज
शांति, सद्भाव का संदेश देने को निकाली गई धम्म  पदयात्रा
कुशवाहा बंधु की ओर से माघ मेला क्षेत्र में रविवार को जन-जन तक भगवान बुद्ध की शिक्षाओं, मैत्री ,शांति सद्भाव का संदेश देने के लिए धम्म पदयात्रा निकाली गई।


रमेश चंद कुशवाहा तथा प्रियतम सिंह के नेतृत्व में हर्षवर्धन मूर्ति तिकोनिया चौराहा से आरंभ यात्रा काली मार्ग बांध ढलान पीपा पुल नंबर तीन से होते हुए सेक्टर नंबर पांच, जीटी रोड चौराहा के बायीं ओर तुलसी मार्ग स्थित कुशवाहा बंधु के माघ मेला शिविर पहुंचकर पूरी हुई।


धम्म यात्रा में लक्ष्मण प्रसाद ,उमाशंकर, सतीश कुशवाहा, श्यामसुंदर सिंह पटेल, गीता कुशवाहा ,शारदा, रामेश्वर सिंह ,अविनाश, विनय ,विजय मौर्य आदि शामिल थे। धम्म यात्रा के दौरान जगह-जगह यात्रियों पर पुष्प वर्षा की गई। अंत में रमेश चंद कुशवाहा ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।


सजा दद्दा का पंडाल, आज से हर-हर महादेव
माघमेला क्षेत्र में दद्दा शिष्य मंडल की ओर से पार्थिव शिवलिंग निर्माण केलिए तैयारियां पूरी हुईं। अब 31 जनवरी को सुबह आठ बजे से शिविर में असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण का क्रम आरंभ होगा।


आचार्यो की ओर से पार्थिव शिवलिंगों का महारुद्राभिषेक किया जाएगा। दद्दा जी के बेटे गृहस्थ संत बड़े भैया डॉ.अनिल शास्त्री की देखरेख में शाम सात बजे आरती, पूजन के बाद वृंदावन की रामलीला होगी। संयोजक संतोष शुक्ला और मीडिया प्रभारी शनि केशरी के मुताबिक पार्थिव शिवलिंग निर्माण का क्रम छह फरवरी तक जारी रहेगा। शिविर में फिल्म अभिनेता राजपाल यादव भी शामिल होंगे।


श्रद्धालुओं के वितरित किया गया भोजन
मौनी अमावस्या से पूर्व बंगाली सोशल एंड कल्चरल एसोसिएशन की ओर से रविवार को श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी, सब्जी की व्यवस्था की गई। सचिव शंकर चटर्जी की देखरेख में हुए खिचड़ी वितरण में राना चन्दा, देवराज चटर्जी, सुब्रतो सेन, ध्रुवदासगुप्ता, श्रीकृष्ण समद्दार आदि शामिल थे।


साधना मर्मज्ञ थे गुरु गोरखनाथ
सद्गुरु स्वामी कृष्णानंद महाराज का कहना है कि अगर पांच दिव्य शक्तियों,श्री कृष्ण,पतंजलि, महावीर, कबीर, गौतमबुद्ध और गुरु गोरखनाथ का अनुश्रवण न किया जाए तो ध्यान की संकल्पना ही नहीं की जा सकती। गुरु गोरखनाथ तो साधना के भंडार थे। साधना से उन्होंने जगत को अलंकृत किया। कार्यक्रम में मंगल,सुरेंद्र, आशीष,भुनेश्वर, आचार्य जनेश्वर,कल्पराज आदि शिष्य सम्मिलित हुए।


जरुरतमंद के बीच वितरित किए गए कंबल
अखिल भारतीय धर्म संघ के माघ मेला शिविर में युवा चेतना संस्था की ओर से जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किया गया। स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी एवं युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने अस्सी वर्षीया वृद्ध महिला को कंबल देकर कार्यक्रम की शुरुआत की। बाद में स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा, युवा चेतना का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना है।


माघ मेला क्षेत्र में भी युवा चेतना के सदस्य पूरी सक्रियता से सेवा कार्य में जुटे हैं। वहीं  राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा, युवा चेतना की स्थापना ही भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए की गई है। माघ मेला क्षेत्र में प्रयास है कि किसी जरूरतमंद को कष्ट न हो। भंडारा के माध्यम से भी जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में मुकेश पांडेय, संदीप ब्रह्मचारी, दीपक पांडेय,सुभाष यादव,नागेश जोशी,राजेंद्र पासवान,भूषण तिवारी,सुरेश मिश्रा आदि शामिल थे।


आरती-अनुष्ठान कार्यक्रम स्थगित
संगम विश्व धरोहर महा अभियान चलाने वाली संस्था, प्रयागराज सेवा समिति का आरोप है कि प्रशासन से सहयोग और सुविधाएं न मिल पाने के कारण माघ मेले में द्वादश माधव, सात तीर्थनायकों और शक्तिपीठों की प्रत्येक दिन की जाने वाली महाआरती और अनुष्ठान को स्थगित कर दिया गया है। महा अभियान के संयोजक तीर्थराज पांडेय ने कहा, अब सिर्फ पर्वों पर ही संस्था के संगम लोअर मार्ग स्थित शिविर से ही संगम विश्व धरोहर के लिए हस्ताक्षर अभियान संचालित होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें