मऊआइमा की मिट्टी से निकली पोल वॉल्ट की परंपरा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर परचम लहराने के लिए तैयार है। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में बृहस्पतिवार से शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पोल वाॅल्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए कुलदीप यादव व देवमीना को बुधवार देर रात कोच घनश्याम यादव ने रवाना किया।
अलावलपुर गांव निवासी कुलदीप यादव ने इस वर्ष घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन किया है। कुलदीप कुमार ने गत मई में रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित 29वें नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कप में राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालिफाई किया था। उन्होंने फेडरेशन कप में 5.45 मीटर ऊंची छलांग लगाकर देवमीना के साथ संयुक्त राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया।
कोच घनश्याम यादव ने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम में कुलदीप व देवमीना दोनों मेडल जीतने में सक्षम हैं, लेकिन असली लक्ष्य इन्हें 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि रनवे स्पीड, तकनीक और स्पोर्ट्स साइंस पर विशेष मेहनत की जा रही है। भोपाल एकेडमी की आधुनिक सुविधाओं और प्रतिस्पर्धी माहौल ने दोनों को टॉप लेवल का एथलीट बनाया है।