प्रयागराज। दिल्ली से बुधवार की शाम लौटे सीएमओ ने अस्पतालों, क्लीनिकों के पंजीकरण संबंधित फाइलों से अपने हस्ताक्षर का मिलान कराया। पंजीकरण प्रपत्र पर कटिंग और ओवरराइटिंग वाली 16 फाइलों को अलग किया गया है। संबंधित मामले में जांच के बाद सीएमओ ने कुछ अस्पताल और क्लीनिक संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। सीएमओ ने एडी हेल्थ को पत्र लिखकर रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार पंकज पांडेय के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की संस्तुति की है।
एयरपोर्ट से सीधे दफ्तर पहुंचे सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी ने सभी एसीएमओ के साथ बैठक की। पंजीकरण पटल के नोडल अधिकारी डॉ. तीरथ लाल और लिपिक हरिश्चंद्र से विवादित मामलों की सूची बनाने को कहा। नर्सिग होमों, क्लीनिकों और पैथालॉजी सेंटरों की फाइलों में लगे पंजीकरण प्रमाण पत्रों से अपने हस्ताक्षर के निर्देश दिए। देर रात तक हस्ताक्षर के मिलान के दौरान 16 फाइलों को अलग किया गया है।
रिकार्ड खंगालने में पता चला है कि कई फाइलों और प्रमाणपत्रों पर कटिंग या ओवराइटिंग की गई है। अफसरों के साथ इसकी जांच राइटिंग एक्सपर्ट से भी कराई जाएगी। सीएमओ के मुताबिक गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
वहीं पंकज की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर एडीए हेल्थ को उसके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। एडी हेल्थ डॉ. सुधाकर पांडेय के मुताबिक मामला संगीन है। ऐसे मामलों में आरोपी का निलंबन किया जाता है, लेकिन निदेशालय की अनुमति मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।