रक्षाबंधन पर मायके नहीं जा पाने से नाराज विवाहिता ने रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे कमरे के अंदर फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति ने बताया कि रक्षाबंधन पर घर न जा पाने से पत्नी नाराज थी और उसने आत्मघाती कदम उठाया है।
फूलपुर कस्बे के शेखपुर पूर्वी निवासी मनोज कुमार की शादी छह महीने पहले मिर्जापुर के हलिया थाना निवासी राम बहोर की बेटी संगीता (19) के साथ हुई थी। रविवार को संगीता ने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी। मनोज जब काम से घर पहुंचा और कमरे में दाखिल हुआ तो शव देख चीखने लगा। सूचना पुलिस को दी।
मनोज ने बताया कि पत्नी शनिवार को रक्षाबंधन पर मायके जाने की जिद कर रही थी। मायके न जा पाने से वह बहुत खफा थी। एसीपी फूलपुर पंकज लवानिया ने बताया कि मायके न जा पाने की वजह से विवाहिता का पति से विवाद भी हुआ था। इस वजह से उसने खुदकुशी कर ली।