mariyadeeh dhoomanganj crime news
धूमनगंज के मरियाडीह में वारदात, चार नामजद
बाद में भुक्तभोगी ने दिया बयान- गलत हुई नामजदगी
प्रयागराज। धूमनगंज के मरियाडीह में सोमवार रात घर के भीतर मौजूद ट्रांसपोर्टर मो. आलम(40) को संदिग्ध हाल में गोली लग गई। पत्नी ने शक के आधार पर चार रिश्तेदारों को नामजद कराया लेकिन बाद में ट्रांसपोर्टर ने बयान देकर उन्हें निर्दोष बता दिया। फिलहाल गोली लगी कैसे, यह राज बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
मरियाडीह निवासी मो. आलम उर्फ कल्लू निवासी मो. मुश्ताक टेंपो व ट्रक चलवाता है। रोज की तरह सोमवार रात करीब एक बजे भी वह घर में बैठा टीवी देख रहा था। जबकि पत्नी व बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर जगी पत्नी कमरे में पहुंची तो देखा कि आलम लहुलुहान पड़ा था। गोली उसकी जांघ में पीछे की ओर लगी थी और यह ऊपरी हिस्से को चीरती हुई पार हो गई थी। सूचना पर धूमनगंज पुलिस पहुंच गई और उसे एसआरएन अस्पताल पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल चले गए।
भोर में तीन बजे के करीब उसकी पत्नी ने तहरीर देकर शक के आधार पर चार रिश्तेदारों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि बाद मेें अपने बयान में खुद ट्रांसपोर्टर ने उन्हें निर्दोष बता दिया। फिलहाल पूछताछ के बाद भी यह नहीं तय हो सका कि ट्रांसपोर्टर को गोली लगी कैसे। हालांकि पत्नी ने यह बताया है कि जब वह गोली चलने की आवाज सुनकर जगी तो देखा कि मुख्य दरवाजा खुला पड़ा था। साथ ही आलम के कमरे की खिड़की भी खुली थी। पुलिस का कहना है कि मौके से एक कारतूस का खोखा बरामद हुआ है जिससे माना जा रहा है कि गोली तमंचे से चली। घरवाले किसी विवाद के बाबत कोई जानकारी फिलहाल नहीं दे पाए हैं। जांच पड़ताल की जा रही है।