आरक्षण तय होने के बाद कई निवर्तमान जिला पंचायत सदस्यों को निराश होना पड़ा है तो कई को अपना क्षेत्र बदलना पड़ेगा। इस सूची में जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं रेखा सिंह भी शामिल हैं। हालांकि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सांसद केशरी देवी पटेल के परिवार के लोग अपनी परंपरागत सीट से ही दावेदारी कर सकेंगे।
पिछले चुनाव में रेखा सिंह ने कोरांव प्रथम तथा मांडा चतुर्थ सीट से दावेदारी की थी और दोनों ही सीट से विजयी हुईं थीं। मांडा चतुर्थ सीट से इस्तीफा देने के बाद उनके पति अशोक सिंह सदस्य निर्वाचित हुए। अब यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गई है। मांडा प्रथम भी पिछड़ी जाति तथा द्वितीय अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। ऐसे में रेखा सिंह के मांडा तृतीय से दावेदारी की उम्मीद है। उनकी ओर से आरक्षण की सूची जारी होने के बाद मांडा तृतीय से चुनाव लड़ने की दावेदारी भी कर दी गई है।