टर्मिनल के रूप में विकसित किए गए सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर आने वाले दिनों में इलाहाबाद जंक्शन से शुरू होने वालीं कई ट्रेनों को शिफ्ट किया जा सकता है। रेलवे ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, रेलवे की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर और दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस को शिफ्ट नहीं किया जाएगा।
दरअसल, कुंभ मेले के पूर्व ही सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन को टर्मिनल के रूप में विकसित किया गया। यहां राजरूपपुर की ओर स्टेशन की मुख्य इमारत बनाने के साथ ही कुंभ के सभी महत्वपूर्ण स्नान पर्वों पर प्रयागराज, हमसफर, दुरंतो समेत तमाम ट्रेनों का रेलवे ने ठहराव भी सुनिश्चित किया था। कुंभ के बाद यहां अब सिर्फ सूबेदारगंज-कानपुर सेंट्रल और सूबेदारगंज-पंडित दीन दयाल उपाध्याय ईएमयू ही संचालित की जा रही है। सूबेदारगंज में इसके अलावा सिर्फ संगम एक्सप्रेस का ही ठहराव है।
बाकी अन्य ट्रेनें यहां से थ्रू पास ही निकलती है। इस तरह से चार जोड़ी ट्रेनों के लिए यहां चार प्लेटफार्म है। स्टेशन पर तमाम यात्री सुविधा उपलब्ध कराने के बाद उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन यहां जंक्शन से चलने वाली तमाम ट्रेनों को शिफ्ट करने की तैयारी कर रहा है। इस बारे में मंडल रेल प्रबंधक अमिताभ का कहना है कि जंक्शन पर ट्रेनों का लोड कम करने के लिए ही पिछले दिनों कुछ ट्रेनें प्रयागघाट शिफ्ट की गई थी। इसी कड़ी में कुछ और और ट्रेनें अब सूबेदारगंज शिफ्ट की जा सकती है। उन्होंने बताया कि सूबेदारगंज में एक और प्लेटफार्म का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा यहां दो वॉशिंग लाइन भी बनाई जानी है।
ये ट्रेनें शिफ्ट की जा सकती हैं सूबेदारगंज
इलाहाबाद-मेरठ/देहरादून संगम लिंक एक्सप्रेस
इलाहाबाद-जयपुर, मथुरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस
इलाहाबाद-उधमपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस
इलाहाबाद-अहमदाबाद एक्सप्रेस
इलाहाबाद-लोकमान्य तिलक तुलसी एक्सप्रेस