सहायक कुलसचिव भर्ती में लगेगा अनुभव प्रमाणपत्र
0 अभ्यर्थियों को 26 जुलाई तक करना होगा ऑनलाइन आवेदन
0 आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद ही घोषित होगी इंटरव्यू की तिथि
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय (केंद्रीय) सेवा सहायक कुलसचिव परीक्षा-2014 के अभ्यर्थियों को इंटरव्यू से पहले आयोग की वेबसाइट पर परंपरागत आवेदन करना होगा। अभ्यर्थियों को अनुभव प्रमाणपत्र भी देना होगा। सभी अभिलेखों की स्क्रूटनी के बाद ही आयोग इंटरव्यू की तिथि घोषित करेगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 जुलाई है जबकि आयोग में हार्डकॉपी दो अगस्त तक जमा की जानी है।
सहायक कुलसचिव के 24 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा वर्ष 2017 में 19 एवं 20 मार्च को आयोजित की गई थी। परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र के अनुसार अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट के ‘होम पेज’ पर ‘कैंडीडेट सेगमेंट’ में जाकर ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि ‘सैंपल स्नैपशॉट्स’ के आधार पर पूरी प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने के बाद ही आवेदन पत्र भरें। सभी स्तरों पर ऑनलाइन सूचना भरने के बाद इसे सब्मिट कर दें। ऑनलाइन आवेदन सब्मिट करने के बाद निर्धारित अवधि में अगर कोई त्रुटि सामने आती है तो अभ्यर्थियों को इसमें एक बार संशोधन का मौका मिलेगा। अभ्यर्थियों को यह प्रक्रिया 26 जुलाई तक पूरी कर लेनी है।
ऑनलाइन आवेदनपत्रों को मुद्रित करके उसके समस्त संलग्नकों के साथ आवेदन की हार्डकॉपी एक लिफाफे में रखकर दो अगस्त को शाम पांच बजे या उससे पूर्व ‘सचिव, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (परीक्षा अनुभाग-5), 10-कस्तूरबा गांधी मार्ग, प्रयागराज-211018’ के पते पर पंजीकृत डाक से या आयोग के गेट नंबर तीन पर डाक अनुभाग के काउंटर पर स्वयं उपस्थित होकर जमा करनी है। अभ्यर्थियों को किसी राजकीय कार्यालय या विश्वविद्यालय कार्यालय में न्यूनतम सात वर्ष कार्य करने का अनुभव प्रमाणपत्र भी देना होगा, जो नियुक्ति प्राधिकारी की ओर से निर्गत होना चाहिए। सरकारी सेवक/कार्मिक की स्थिति में सेवा योजक की ओर से जारी अनापत्ति प्रमाणपत्र लगेगा।