फोटो कैप्शन: सोमवार दोपहर मांडा राजकीय कृषि बीज केंद्र के गेट पर ताला बंद होने पर नाराजगी व्यक्
रबी की तैयारियों के बीच मांडा राजकीय कृषि बीज भंडार केंद्र महेवा कला की अव्यवस्था ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार को भी केंद्र पर ताला लटका मिला और कर्मचारी नदारद रहे। गेहूं और सरसों का बीज नहीं मिलने से किसानों में नाराजगी देखी गई।
चिलबिला बाजार निवासी किसान कलेक्टर सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे चने का बीज लेने के लिए वे पहुंचे थे। वहां जाकर देखा तो गोदाम पर ताला लगा था। प्रभारी का फोन मिलाया लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया। ऐसे में उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
उन्होंने बताया कि गोदाम में कई दिनों से गेहूं और सरसों का बीज उपलब्ध नहीं है, जबकि क्षेत्र में गेहूं की बोआई का समय आ चुका है। चिलबिला के किसान विजय बहादुर यादव, लालबहादुर यादव और श्याम सुंदर ने बताया कि वे तीन दिन से गेंहू का बीज लेने आ रहे हैं लेकिन हर बार गोदाम बंद मिलता है।
राजापुर गांव के हरिमोहन सिंह ने बताया कि गोदाम बंद रहने से उन्हें खुले बाजार से अधिक दाम पर बीज खरीदने पड़ रहे हैं।
किसानों का कहना है कि रबी सीजन में सरकारी गोदाम का इस तरह बंद रहना गंभीर लापरवाही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और बीज उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की है।
मामले में बीज गोदाम प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि गोदाम पर चना और मटर का बीज उपलब्ध है। दोपहर तक बिक्री की गई थी। इसके बाद फार्मर रजिस्ट्रेशन के कार्य से गांव का दौरा करना पड़ा। गेहूं के बीज के आवंटन के लिए पत्रावली भेज दी गई है। जल्द ही गोदाम पर गेहूं का बीज उपलब्ध होगा। संवाद।