199 पर फोन करने के बाद खाते से उड़े 99 हजार
प्रयागराज। शांतिपुरम निवासी रश्मि चौरसिया ने पुलिस को बताया कि 16 फरवरी की सुबह 9:30 बजे मोबाइल नंबर बंद हो गया। कॉल करने पर कहा गया कि 199 पर फोन करें। जैसे फोन किया तो नाम, पति का नाम और पता पूछा गया। इसके बाद मोबाइल नंबर ठीक हो गया और फोन आने-जाने लगा। शाम करीब सात बजे किसी को ऑनलाइन रुपये देने लगी तो पता चला कि लिमिट नहीं है। बैंक खाता चेक किया तो पता चला कि सैलरी खाते से 99 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से अब्दुल हमाद रजा के पास ट्रांसफर हुए हैं। जानकारी होते ही अपने खाते को ब्लाक करा दिया। साइबर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
रिश्तेदार बताकर कांस्टेबल से 15 हजार की ठगी
प्रयागराज। कांस्टेबल आकाश सिंह ने पुलिस को बताया कि वह यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी गार्द में उनकी तैनाती हैं। बुधवार की रात करीब आठ बजे अंजान मोबाइल नंबर से फोन आया। व्यक्ति की आवाज जानी पहचानी लग रही थी। उसने खुद को मेरा रिश्तेदार बताकर 15 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिया। शक होने पर जब अपने रिश्तेदार को फोन किया तो उन्होंने रुपये मांगने से इन्कार कर दिया और कहा कि कोई फोन नहीं किया था। कर्नलगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।