प्रयागराज। जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र के तुलाराम बाग में किराया नहीं दे पाने पर मकान मालिक ने अपने साथियों संग मिलकर किराएदार संतोष कुमार को पीट दिया। निजी वाहन चलाने वाले संतोष ने बताया कि वह दारागंज स्थित अलोपीबाग पंजाबी कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। लाकडाउन के कारण पिछले 2 महीने से उनका काम बंद है जिस कारण से वह किराया नहीं दे पाया। आरोप है कि मकान मालिक रघुनंदन वर्मा उर्फ मुन्ना सोनार ने उन्हें तुलाराम बाग स्थित अपने घर बुलाया और किराया ना दे पाने की वजह पूछी। संतोष ने जब कुछ दिनों बाद किराया देने की बात कही तो उसे अपने साथियों सुमित, अमित, राहुल व कृष्णा के साथ मिलकर लाठी-डंडों से पीटा। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। जार्जटाउन पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मकान मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।