मम्फोर्डगंज फव्वारा चौराहे के पास इविवि के छात्र शशांक सिंह यादव (24) की गोली मारकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपी शुभम उपाध्याय ने 25 दिन बाद बृहस्पतिवार को सीजीएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने लखनऊ, चित्रकूट समेत कई शहरों में दबिश दी थी, लेकिन गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हो सकी।
मूलरूप से चित्रकूट के थाना मऊ गांव कोटरा बरियारी कला निवासी शुभम मिश्रा उर्फ शुभम उपाध्याय उर्फ शुभम बीएचएस ने बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे सीजीएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। कर्नलगंज एसीपी राजीव यादव ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पूछताछ के लिए शुक्रवार को शुभम का रिमांड लिया जाएगा।
बता दें कि कि 24 फरवरी को सलोरी निवासी शशांक के मामा सचिन कुमार की शिकायत पर हत्या, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में शुभम उपाध्याय, सूरजभान, देवेश, अंशुल सिंह यादव, यश पांडेय समेत चार अज्ञात पर कर्नलगंज पुलिस ने केस दर्ज किया था। आरोप था कि स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने शशांक की गोली मारकर हत्या की है। मामले में पुलिस सिर्फ एक आरोपी सूरजभान को गिरफ्तार कर सकी है। जबकि अन्य आठ आरोपी अब भी फरार हैं।