उत्तराखंड में सीएम के साथ बैठक करते समय अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी की तबियत अचानक बिगड़ गई। आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और खतरे के बाहर बताई जा रही है।
हरिद्वार कुंभ सहित कई मामलों के संबंध में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और प्रयागराज संगम स्थित लेटे हनुमान मंदिर के महंत नरेंद्र गिरी शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ बैठक कर रहे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान उनके सीने में अचानक दर्द उठा और उनकी स्थिति बिगड़ गई।
आनन फानन में उन्हें स्थानीय चिकित्सालय ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य की जांच की। बताया जाता है कि अचानक बीपी बढ़ने के कारण सीने में दर्द उठा था। उनके शिष्य आनंद गिरी ने बताया कि स्वामी जी की तबियत अब सही है और हालत खतरे से बाहर है। वह फिलहाल पूरी तरह से स्वस्थ हैं।