महाकुंभ नगर। नासिक से 20 और मध्य प्रदेश पुलिस के 30 अफसरों की टीम ने महाकुंभ में भीड़ प्रबंधन का गुर जाना। अफसरों ने मेला प्रशासन से विस्तृत चर्चा और मेला का भ्रमण कर जमीनी हकीकत भी जानी।
नासिक के संभागीय आयुक्त डॉ. प्रवीन गेडाम की अगुवाई में अफसर पहुंचे हैं। मेलाधिकारी विजय किरण आनंद ने विस्तृत जानकारी दी। टीम में विशेष पुलिस महानिरीक्षक दत्तात्रय कराले, डीएम जलज शर्मा, नगर आयुक्त मनीषा खत्री, सीईओ माणिक गूर्सल समेत त्रंबकेश्वर प्रशासन के अधिकारी भी शामिल हैं। वहीं, मप्र के 10 आईपीएस व 19 डिप्टी एसपी आए हैं। इनमें नौ महिला भी शामिल हैं।
मंगलवार को इन अफसरों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर भीड़ प्रबंधन के गुर सीखे। पांटून पुलों पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था देखी तो कमांड सेंटर में पहुंच जाना कि कैसे कई किमी के एरिया में फैले मेला क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर दिन-रात निगरानी की जा रही है। यहां से मिलीं जानकारियां 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ कुंभ के आयोजन में बेहद मददगार साबित होंगी।
टीम में शामिल अफसर मप्र पुलिस अकादमी, भोपाल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह दल एडिशनल एसपी नीरज पांडेय के नेतृत्व में यहां पहुंचा है। महाकुंभ में अब तक 200 प्रशिक्षु आईपीएस भी आ चुके हैं।
संबंधित वीडियो...