मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को महाकुंभ शीर्ष समिति की 16वीं बैठक में 61.24 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 17 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने मेले की बसावट तथा अन्य तैयारियों की भी जानकारी दी। ऑनलाइन बैठक में मुख्य सचिव ने सभी कार्यों को मेला शुरू होने से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में मानक एवं गुणवत्ता का ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।
स्वीकृत कार्यों में पुलिस विभाग की 12 करोड़ रुपये की एक, प्रयागराज मेला प्राधिकरण की 38.58 करोड़ की पांच, न्याय विभाग की 3.49 करोड़ की एक, उद्यान विभाग की 71.62 लाख रुपये की दो, लोक निर्माण विभाग की 1.31 करोड़ की दो, भारतीय डाक विभाग की 20 लाख की एक, पराग दुग्ध सहकारी संघ लिमिटेड की 82.10 लाख रुपये लागत की एक, वन विभाग की 3.1 करोड़ रुपये लागत की तीन तथा सीएनडीएस की 50 लाख रुपये की एक परियोजना शामिल है। ऑनलाइन बैठक से पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार, प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात अन्य अफसर जुड़े रहे।