फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahakumbh Live: कल संगम में डुबकी लगाएंगे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, त्रिवेणी संगम घाट पर की गई संध्या आरती

Fri, 31 Jan 2025 09:24 PM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

खास बातें

Maha Kumbh Mela 2025 Live Updates: मौनी अमावस्या के दिन हुए हादसे के बाद शासन-प्रशासन अगले अमृत स्नान यानी वसंत पंचमी को लेकर सतर्क है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बृहस्पतिवार से मेडिकल फोर्स मेला क्षेत्र में सक्रिय हो गई है। 
विज्ञापन
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़। (फाइल फोटो) - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:20 PM, 31-Jan-2025

उपराष्ट्रपति धनखड़ 1 फरवरी को कुंभ का दौरा करेंगे

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को प्रयागराज में महाकुंभ का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि उपराष्ट्रपति दोपहर 2:15 बजे प्रयागराज पहुंच सकते हैं। उनकी पत्नी भी साथ में जाएंगी। उपराष्ट्रपति के शनिवार देर रात दिल्ली लौटने की संभावना है।

07:19 PM, 31-Jan-2025

त्रिवेणी संगम घाट पर की गई संध्या आरती की गई।

प्रयागराज में त्रिवेणी संगम घाट पर की गई संध्या आरती की गई।
 

05:26 PM, 31-Jan-2025

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने अधिकारियों के साथ की बैठक

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने सचिव वी. वुएलनाम, डीजीसीए महानिदेशक फैज अहमद किदवई और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुलाकात की। उनके मार्गदर्शन में महाकुंभ में भाग लेने वाले लाखों भक्तों के लिए एक सहज और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए नियमित समन्वय बैठकें आयोजित की गईं हैं। गरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने महाकुंभ महोत्सव के दौरान उचित किराया बनाए रखते हुए देश भर से प्रयागराज के लिए हवाई कनेक्टिविटी पर भी चर्चा की।

विज्ञापन
04:11 PM, 31-Jan-2025

वाराणसी में गंगा आरती पांच फरवरी तक बंद

अधिकारियों ने भीड़ में वृद्धि को देखते हुए वाराणसी के घाटों पर होने वाली गंगा आरती को आम जनता के लिए पांच फरवरी तक रोक दिया है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने काशीवासियों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से न निकलें और श्रद्धालुओं का सहयोग करें। 

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने शुक्रवार को कहा कि दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती पांच फरवरी तक आम जनता के लिए बंद रहेगी। इसी तरह शीतला घाट, अस्सी घाट और अन्य घाटों पर गंगा आरती करने वाली समितियों ने भी आम जनता, आगंतुकों और श्रद्धालुओं से पांच फरवरी तक इसमें शामिल नहीं होने की अपील की है। 

03:01 PM, 31-Jan-2025

दोपहर 2 बजे तक 1.40 करोड़ से अधिक लोगों ने संगम ने लगाई डुबकी
महाकुंभ में शुक्रवार की दोपहर 2 बजे तक 1.40 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया। इनमें से 10 लाख से अधिक कल्पवासी और 1.30 करोड़ तीर्थ यात्रियों ने स्नान किया। 30 जनवरी तक 29.64 करोड़ से ज्यादा लोग स्नान कर चुके हैं। 
 

विज्ञापन
02:09 PM, 31-Jan-2025

ऑस्ट्रिया से आई महिला श्रद्धालु बोली- भीड़ के बावजूद वातावरण शांतिपूर्ण है
महाकुंभ में ऑस्ट्रिया से आए एक महिला श्रद्धालु ने कहा, 'मैं यहां आकर और यहां के सभी लोगों के साथ क्षणों को साझा करके बहुत भाग्यशाली महसूस करती हूं... यह बहुत जबरदस्त है क्योंकि बहुत भीड़ होने के बाद भी वातावरण शांतिपूर्ण है।'
 

01:59 PM, 31-Jan-2025

जर्मनी से आया विदेशी श्रद्धालु बोला- मैं खुद को हिंदू कहता हूं
महाकुंभ पहुंचे जर्मनी के एक श्रद्धालु ने कहा, मैं यहां आकर बहुत विशेष और सम्मानित महसूस कर रहा हूं, क्योंकि यह एक बहुत ही खास जगह और एक विशेष अवसर है। मैं खुद को धन्य महसूस करता हूं। मैंने मौनी अमावस्या पर पवित्र स्नान किया, मैं खुद को हिंदू कहता हूं। मेरा मानना है कि यह आध्यात्मिक दुनिया, प्राचीन ज्ञान और सामूहिक चेतना से भी जुड़ा है।
 

01:23 PM, 31-Jan-2025

महाकुंभ भगदड़ की जांच के लिए न्यायिक आयोग पहुंचा प्रयागराज
प्रयागराज महाकुंभ भगदड़ की जांच के लिए न्यायिक जांच आयोग प्रयागराज पहुंचा है। सीएम योगी ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है। इस आयोग के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश हर्ष कुमार हैं, जबकि पूर्व डीजी वी.के. गुप्ता और रिटायर्ड आईएएस डी.के. सिंह को आयोग में शामिल किया गया है। यह आयोग एक समय सीमा के अंदर अपनी रिपोर्ट देगा।
 

12:48 PM, 31-Jan-2025

बिहार के बब्लू को पसंद आईं महाकुंभ की व्यवस्थाएं
महाकुंभ में आए एक श्रद्धालु बब्लू ने कहा, 'मैं गोपालगंज, बिहार से आया हूं। व्यवस्थाएं बहुत भव्य हैं। किसी चीज की कोई कमी नहीं है। स्नान अद्भुत रहा।'
 

12:23 PM, 31-Jan-2025
प्रयागराज जंक्शन से मेला क्षेत्र जाने वाले मार्ग पर भीड़ सामान्य दिखी - फोटो : अमर उजाला

चुंगी चौराहे और प्रयागराज जंक्शन से मेला की ओर जाने वाले मार्ग पर भीड़ दिखी सामान्य
प्रयागराज महाकुंभ में कल दोपहर तक चुंगी चौराहे पर जहां पैर रखने की जगह नहीं मिल रही थी, आज सुबह इस पर यातायात सामान्य है। भीड़ न के बराबर है। पब्लिक वाहन भी चलाए जा रहे हैं। प्रयागराज जंक्शन से मेला क्षेत्र जाने वाले मार्ग पर भी भीड़ सामान्य दिखी। लगभग चौराहों के बैरियर खोल दिए गए हैं। बालसन चौराहे पर पुलिस निगरानी कर रही है, लेकिन वाहनों को मेला क्षेत्र की तरफ जाने दिया जा रहा है।

12:11 PM, 31-Jan-2025

महाकुंभ भगदड़ मामले पर सांसद रवि किशन ने विपक्ष को घेरा
महाकुंभ भगदड़ को लेकर भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, 'ये लोग तो इंतजार कर रहे थे कि कोई घटना हो जिससे प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को घेरा जाए। यह गलत है। उस दिन करोड़ों श्रद्धालु महाकुंभ आए थे। वर्षों बाद हिन्दुत्व जगा है। उसी माहौल में यह दुखद घटना हुई है। यह हम सभी के लिए पीड़ा जनक है। इस पर सरकार जांच बैठा चुकी है लेकिन किसी की मृत्यु पर राजनीति करने से दुखद और कुछ नहीं है। 'दिल्ली विधानसभा चुनावों पर उन्होंने आगे कहा, 'आप-दा दिल्ली हार रही है। जनता का विश्वास इन पर से उठ चुका है।'
 

12:01 PM, 31-Jan-2025

महाकुंभ में स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे
मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ अयोध्या पहुंच रही है। आलम यह रहा कि रातों-रात अयोध्या की सड़कें श्रद्धालुओं से खचाखच भर गईं। सुबह होते ही जय श्रीराम के जयकारे गूंजने लगे। 96 घंटे में 65 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके हैं। बृहस्पतिवार को करीब 15 लाख श्रद्धालुओं ने सरयू में डुबकी लगाकर मंदिरों में दर्शन-पूजन किया।

11:42 AM, 31-Jan-2025

27 जनवरी को गाजियाबाद से महाकुंभ गई महिला की नहीं मिल रही जानकारी
गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर 11 प्रताप विहार में राजेंद्र प्रकाश शुक्ला की पत्नी सावित्री देवी 27 जनवरी को दो महिलाओं के साथ प्रयागराज कुंभ गई थी। 28 जनवरी को दोपहर साढ़े 12 बजे अंतिम बार परिजनों से बातचीत हुई थी। साथ गईं दोनों महिलाएं वापस लौट आई हैं।

11:37 AM, 31-Jan-2025

सपा प्रमुख का यूपी सरकार पर बड़ा आरोप
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने महाकुंभ में हुई भगदड़ दुर्घटना पर कहा, 'महाकुंभ में मची भगदड़ में जिन लोगों की जान गई है, सरकार उनकी संख्या छिपा रही है ताकि उन्हें पीड़ित परिवारों को मुआवजा न देना पड़े।'
 

11:16 AM, 31-Jan-2025

श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति को डेढ़ करोड़ ने किए हस्ताक्षर
श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति और मंदिर के भव्य निर्माण को लेकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास की ओर से मेले में चल रहे अभियान में डेढ़ करोड़ लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं। एक फरवरी को सेक्टर-16 स्थित जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी राजेश्वर माऊली के पंडाल में महासंवाद होगा। इसमें आगे के आंदोलन की आधारशिला रखी जाएगी। अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण की मूल जन्मस्थली (वर्तमान में शाही ईदगाह मस्जिद) को मुक्त कराने के लिए अभियान की शुरुआत जन्मभूमि के मुख्य द्वार से की गई थी। इसमें अब तक डेढ़ करोड़ लोगों ने हस्ताक्षर कर आंदोलन को समर्थन दिया है। साधु-महात्मा, महामंडलेश्वर, जगद्गुरु और शंकराचार्य महासंवाद में शामिल होंगे।

10:49 AM, 31-Jan-2025

नेपाल से आया श्रद्धालु बोला- यहां का अनुभव बहुत अच्छा रहा 
महाकुंभ में स्नान करने आए नेपाल के एक श्रद्धालु ने कहा, 'हमने जो अफवाहें सुनी थीं, उसकी तुलना में अनुभव बहुत अच्छा था। शांति महसूस हुई।'
 

10:37 AM, 31-Jan-2025

सुबह आठ बजे तक 43 लाख से अधिक लोगों ने किया स्नान
प्रयागराज महाकुंभ में त्रिवेणी के घाटों पर भारी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। आज सुबह 8 बजे तक 43 लाख से अधिक लोगों ने पवित्र स्नान किया है। यूपी सरकार के अनुसार, 30 जनवरी तक 30 करोड़ से अधिक लोग पवित्र स्नान कर चुके हैं।
 

09:54 AM, 31-Jan-2025

महाकुंभ का हिस्सा बनेंगे 116 देशों के राजनायिक संगम स्नान संग करेंगे मेले का भ्रमण

116 देशों के राजनायिक भी शनिवार को महाकुंभ नगर का हिस्सा होंगे। दिन भर के कार्यक्रम के दौरान वे संगम स्नान के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण भी करेंगे। अरैल में सभी देशों के झंडे भी लगाए जाएंगे। कुंभ 2019 में भी 72 देशों के राजनायिक आए थे। इस बार 116 देशों के राजनायिक आ रहे हैं। वे शनिवार को सुबह अरैल पहुंचेंगे। अरैल स्थित टेंट सिटी में उनका परंपरागत तरीके से स्वागत किया जाएगा। इसी क्रम में राजनायिक झंडे को सलामी देंगे। इसके बाद उन्हें क्रूज से वीआईपी घाट लाया जाएगा। संगम पर उनके स्नान की भी व्यवस्था रहेगी। इसके लिए जेटी तैयार की जा रही है। वे अक्षयवट, हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे और संतों से भी मिलेंंगे। विदेशी डेलीगेट्स कला कुंभ, डिजिटल अनुभूति केंद्र समेत अन्य प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे। शाम को सांस्कृतिक आयोजन में भी शामिल होंगे। इसके बाद वे वाराणसी के लिए रवाना होंगे। 

08:05 AM, 31-Jan-2025

मेले में वाटर एटीएम दे रहा है फ्री आरओ पानी 

यूपी जल निगम ने मेला क्षेत्र में 200 वाटर एटीएम लगाए हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं को फ्री आरओ पानी मिल रहा है। प्रतिदिन 12 से 15 हजार लीटर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि मेला प्रशासन ने पहले इसके लिए एक रुपये का शुल्क लगाया था, पर अब यह पूरी तरह मुफ्त है। वाटर एटीएम पर ऑपरेटर बैठते हैं, जो श्रद्धालुओं के कहने पर बटन दबाकर शुद्ध जल उपलब्ध करा रहे हैं। इनकी सेंसर के माध्यम से निगरानी भी होती है। 

 

07:12 AM, 31-Jan-2025

भंडारे के बर्तन में मिट्टी डालने वाला थाना प्रभारी निलंबित

सोरांव थाना प्रभारी ब्रिजेश तिवारी को एक वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है। वीडियो में तिवारी एक भंडारे में भोजन के बर्तन में मिट्टी डालते दिख रहे थे। यह जानकारी डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुणावत ने दी है। 

07:09 AM, 31-Jan-2025

उप राष्ट्रपति कल संगम में लगाएंगे डुबकी

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को संगम स्नान करेंगे। उनका परिवार भी साथ में होगा। वह यहां तीन घंटे से अधिक समय तक रहेंगे। हालांकि, उप राष्ट्रपति का इसी दिन दिल्ली में भी कार्यक्रम है। ऐसे में उनके कार्यक्रम को लेकर दुविधा है लेकिन तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उप राष्ट्रपति संगम स्नान के साथ अक्षयवट और हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। वह विशेष विमान से बमरौली एयरपोर्ट आएंगे और वहां से हेलिकॉप्टर से अरैल पहुंचेंगे। अरैल से क्रूज से वीआईपी घाट जाएंगे और स्नान करेंगे। उप राष्ट्रपति के लिए खास तरीके की जेटी तैयार की जा रही है, जिस पर दो चेंजिंग रूम भी होंगे। 

06:40 AM, 31-Jan-2025

आज नहीं है प्रयागराज में वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी

डीएम प्रयागराज रवींद्र कुमार मंदार का कहना है कि सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल है कि 4 फरवरी तक प्रयागराज में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह खबर पूरी तरह से निराधार है। डायवर्जेंट योजना केवल मौनी अमावस्या के चरम दिन के लिए लागू की गई थी। अब लगभग सभी श्रद्धालु लौट रहे हैं और पुलिस को बैरिकेड हटाने का निर्देश दिया गया है। 31 जनवरी, 1 और 4 फरवरी को किसी भी वाहन पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। फरवरी 2 और 3 को वसंत पंचमी के स्नान पर लागू होने वाली डायवर्जन योजना मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश की बहुत अलग प्रक्रिया है, मेला अधिकारी और डीआइजी सभी को इसकी जानकारी देंगे। 

06:21 AM, 31-Jan-2025

अब तक 29.64 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किया पावन स्नान

भारत की विविधता में एकता के जीवंत प्रतीक, समता एवं समरसता के महासमागम 'महाकुम्भ 2025, प्रयागराज' में आज 2.06 करोड़ से अधिक और अब तक 29.64 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पावन त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाने का सौभाग्य प्राप्त किया है। संगम के पवित्र जल में पावन स्नान का पुण्य प्राप्त करने वाले पूज्य साधु-संतों, 10 लाख कल्पवासियों एवं 1.96 करोड़ श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन!

06:16 AM, 31-Jan-2025
Mahakumbh 2025 : महाकुंभ में संगम स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़। - फोटो : अमर उजाला।

वसंत पंचमी को लेकर महाकुंभ नगर में सक्रिय मेडिकल फोर्स 

वसंत पंचमी के स्नान पर्व को ध्यान में रखते हुए महाकुंभ नगर में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बृहस्पतिवार से मेडिकल फोर्स मेला क्षेत्र में सक्रिय हो गई है।  360 बेड की क्षमता वाले 23 अस्पताल श्रद्धालुओं की देखभाल के लिए तैयार किए गए हैं। इनकी व्यवस्थाओं को जांचने के लिए स्पेशल मेडिकल टीम ने संपूर्ण मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम में चिकित्सा व्यवस्था के नोडल उमाकांत सान्याल, केंद्रीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज कौशिक, सह नोडल चिकित्सा व्यवस्था डॉ. राम सिंह और महाकुंभ मेला के नोडल चिकित्सा स्थापना डॉ. गौरव दुबे शामिल रहे। 

06:01 AM, 31-Jan-2025

Mahakumbh Live: कल संगम में डुबकी लगाएंगे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, त्रिवेणी संगम घाट पर की गई संध्या आरती

मौनी अमावस्या के दिन हुए हादसे के बाद शासन-प्रशासन अगले अमृत स्नान यानी वसंत पंचमी को लेकर सतर्क है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बृहस्पतिवार से मेडिकल फोर्स मेला क्षेत्र में सक्रिय हो गई है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें