छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय का स्वागत करते यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी।
- फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल के साथ पूरे मंत्रिमंडल, सांसदों, विधायकों के साथ संगम स्नान का लाभ प्राप्त हुआ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमें आमंत्रित किया, इसके लिए उन्हें आभार।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज तीर्थराज प्रयाग के त्रिवेणी संगम में तीन करोड़ छत्तीसगढ़वासियों के सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए डुबकी लगाई एवं स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त किया। महाकुंभ सनातन धर्म की दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व है, यहां आस्था अमृत बनकर आत्मा को ब्रह्म से जोड़ती है।
उन्होंने एक और पोस्ट किया कि कुंभ ऊर्जा का स्रोत है, कुंभ मानवता का प्रवाह है, कुंभ आध्यात्मिक चेतना है, कुंभ आत्मप्रकाश का मार्ग है, कुंभ जीवन की गतिशीलता है, कुंभ सृष्टि में सभी संस्कृतियों का संगम है, कुंभ प्रकृति एवं मानव जीवन का समन्वय है, कुंभ नदियों, वनों एवं ऋषि संस्कृति का प्रवाह है।
मुख्यमंत्री की पत्नी कौशल्या साय ने कहा कि हमने मां गंगा का आशीर्वाद लिया। मैंने छत्तीसगढ़ राज्य की खुशहाली और समृद्धि के लिए गंगा, यमुना और सरस्वती मां से प्रार्थना की। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने कहा कि राज्यपाल सहित सत्ता दल और विपक्ष के विधायक महाकुंभ में पवित्र स्नान के लिए आए हैं, ताकि छत्तीसगढ़ की खुशहाली, शांति और समृद्धि बनी रहे।