इस बार का कुंभ भी अपने आप में विशेष है। सनातन धर्म ध्वजा के संवाहक रहे महाराजा विक्रमादित्य और महाराजा हर्षवर्धन के बाद इसे संयोग ही कहेंगे कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी में सीएम योगी आदित्यनाथ जैसे भारतीय संस्कृति के संवाहक इस महाकुंभ का दायित्व संभाल रहे हैं।
सूर्य मकर में होंगे, ऐसे में ऋषि, महर्षि, देव सभी प्रयागराज पधारेंगे। गोस्वामी तुलसीदास ने इस महाआयोजन को अपने दोहे माघ मकरगत रबि जब होई, तीरथ पतिहिं आव सब कोई में पंक्तिबद्ध कर महाकुंभ की महत्ता बताई है।
आदि गुरु शंकराचार्य ने धर्म की रक्षा के लिए अखाड़ों की परंपरा बनाई। यह अलग बात है उस समय अखाड़े के नागा संन्यासी शस्त्र विद्या में पारंगत थे। यही अखाड़े हिंदू धर्म की रक्षा सनातन धर्म के पवित्र ग्रंथों और धार्मिक स्थलों की रक्षा करते रहे हैं। आज फिर से उसी संरक्षण और संवर्धन के लिए संवाहक पूरे मनोयोग से कार्य कर रहे हैं।
सनातन पर आरोप लगाने वाले छुआछूत की बात करने वाली मीरा और कबीर को आत्मसात करेंगे तो उन्हें इसकी विशेषता का अंदाजा सहज हो सकेगा। मीरा ने रैदास को और कबीर ने रामानंद को अपना गुरु बनाकर सनातन की महत्ता को परिभाषित किया है। जाति पंथ का इतिहास कुछ वर्षों में पनपा, लेकिन सनातन सृष्टि के आरंभ से है और रहेगा।
पंचांग में तिथि छपने के बाद करोड़ों लोग अपने साधन, संसाधन से हर-हर गंगे का उद्घोष करते हुए इस महाकुंभ में शामिल होकर इसे पूर्णता प्रदान कर पूर्णकुंभ बनाते हैं। कुंभ का आयोजन कोई संस्था समूह कभी नहीं करते हैं। लोग अपनी अंतरप्रेरणा से साक्षी बनते हैं। यह कुंभ केवल धार्मिक आयोजन के रूप में देखा जाना चाहिए।
जीवन में एक बार ही मिल सकता है महाकुंभ में स्नान का मौका
इस बार के महाकुंभ को अगर विशेष कहा जा रहा तो इसके पीछे आधार यह है कि इस महाकुंभ में स्नान का मौका व्यक्ति को जीवन में एक बार ही मिल सकता है। 144 साल बाद महाकुंभ का सुअवसर आया है। 12 वर्ष बाद आयोजित होने वाले कुंभ को पूर्णकुंभ कहा जाता है और 12 पूर्णकुंभों के बाद यह महाकुंभ पड़ रहा है। न सिर्फ भारत, बल्कि दुनिया के तमाम देशों के लोगों में हमारी परंपरा और संस्कृति के प्रति खास ललक, श्रद्धा और विश्वास दिख रहा है। महाकुंभ का विशाल आयोजन वसुधैव कुटुंबकम का उद्घोष करने वाले सनातन धर्म का सर्वस्पर्शी आध्यात्मिक राष्ट्रीय सनातन परंपराओं से ओतप्रोत है।
प्रयागराज में तीन नदियों की त्रिवेणी में स्नान कर लोग मोक्ष की कामना करते हैं। श्रद्धा, आस्था और संस्कृति का महापर्व भारत की सनातन परंपरा का उद्घोष है। भारत विश्व बंधुत्व का उद्घोष करता रहा है। इसमें करुणा, आत्मीयता और परस्पर सद्भाव है। महाकुंभ के आयोजन से भारत दुनिया को यह संदेश देता है कि किस तरह अनेकता में एकता का दर्शन यहां होता है। अलग-अलग संप्रदाय, अखाड़े यहां आकर एक लय में दिखते हैं। महाकुंभ महज एक परंपरा नहीं, बल्कि यह ज्ञान-विज्ञान अध्यात्म का केंद्र भी है, जहां का उद्घोष लोगों तक पहुंचता है। महाकुंभ प्रकृति में ईश्वरीय शक्ति का आभास भी कराता है।
--शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज