केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को संगम में डुबकी लगाई।
- फोटो : अमर उजाला।
सनातन धर्म की ताकत से दुनिया प्रभावित है
प्रह्लाद जोशी ने कहा कि भारत का सनातन धर्म श्रद्धा रखने वाले लोगों के लिए एक अलौकिक अनुभव है। देशभर से रोज लाखों करोड़ों लोग संगम तक पहुंच रहे हैं, जो भारतीय सनातन धर्म की ताकत का प्रतीक है। जोशी ने यह भी कहा कि भारत दुनिया के सबसे अच्छे देशों में से एक है, जहां लोग सुख-शांति के साथ रहते हैं। इस महाकुंभ के आयोजन ने इस धारणा को और भी सशक्त बनाया है।
144 साल बाद ऐसा अद्भुत अवसर मिला, जिसे लोग संजो रहे हैं
महाकुंभ में पहुंचे राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने उत्तर प्रदेश सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस महाकुंभ का आयोजन शानदार रहा है। लक्ष्मण ने बताया कि दक्षिण भारत से हजारों-लाखों श्रद्धालु महाकुंभ में शामिल होने के लिए रोज आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सनातन धर्म का सबसे बड़ा पावन पर्व है और 144 साल बाद ऐसा अद्भुत अवसर मिला है। जिसे लोग संजोकर यादगार अनुभव कर रहे हैं।
महाकुंभ में श्रद्धा की बाढ़, फिर भी कुछ लोग कर रहे साजिश : डॉ. के. लक्ष्मण
डॉ. के. लक्ष्मण ने यह भी कहा कि महाकुंभ के यादगार आयोजन में कुछ लोग नेगेटिव प्रचार भी कर रहे हैं। लेकिन यह महत्वपूर्ण है कि श्रद्धालुओं का जो उत्साह और आस्था है, वह इस आयोजन की सफलता का प्रमुख कारण है। पूरी दुनिया देख रही है कि कैसे योगी आदित्यनाथ सरकार ने महाकुंभ के आयोजन को बेहद सफल और भव्य बनाया है। जिससे पूरे देश और विदेश से श्रद्धालु इस आयोजन में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और आस्था के प्रतीक इस आयोजन में आकर लोग गर्व महसूस कर रहे हैं।
महाराष्ट्र के राज्यपाल बोले, महाकुंभ किसी के भी जीवन की सबसे अविस्मरणीय यादगार
महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने पवित्र संगम में स्नान कर खुद को धन्य माना। उन्होंने कहा कि महाकुंभ किसी के भी जीवन की सबसे अविस्मरणीय यादगारों में से एक है। यह उन सभी लोगों के लिए ऐतिहासिक दिन है जो हिंदुत्व और जो ईश्वर में विश्वास करते हैं। यह पवित्र डुबकी हमारे सभी पापों को धो देगी। यह हमें एक बार फिर से सोचने पर मजबूर कर देगी कि हमें अपने लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए अधिक से अधिक काम करना चाहिए। यही इस पवित्र डुबकी की महानता है। उन्होंने कहा कि यह पूरी दुनिया में सबसे बड़ा आध्यात्मिक आयोजन है। महाकुंभ में साधारण लोगों के लिए भी असाधारण व्यवस्था की गई है जो अद्भुत है। इसके लिए राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने केंद्र और राज्य दोनों सरकारों की सराहना की।