महाकुंभ में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। किला घाट पर यात्रियों से भरी एक नाव यमुना में डूब गई। हादसे के वक्त 10 श्रद्धालु सवार थे, जो नाव डूबते देख नदी में कूद गए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया।
हादसा सुबह 11:30 बजे के करीब हुआ। किला घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान एक नाव आई तो श्रद्धालु उसमें बैठने के लिए तेजी से आगे बढ़े। एक-एक कर नौ श्रद्धालु उसमें सवार हुए।
इसके बाद जैसे ही 10वां श्रद्धालु बैठा तो नाव अनियंत्रित होकर एक तरफ झुक गई और उसमें पानी भरने लगा। यह देख श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई और उन्होंने नदी में कूदना शुरू कर दिया।
यह देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो पास में ही मौजूद एनडीआरएफ के जवानों ने नदी में छलांग लगा दी। करीब पांच मिनट के भीतर ही जवान सभी 10 श्रद्धालुओं को सकुशल बाहर निकाल लाए।