उमड़ी आस्था, सवा करोड़ से अधिक ने लगाई संगम में डुबकी
इससे पहले, दुनिया के सबसे बड़े जन समागम में स्नानार्थियों के उत्साह के सामने प्रशासन के अनुमान छोटे साबित हो रहे हैं। मंगलवार को भी सवा करोड़ से अधिक लोगों ने स्नान किया और यह सिलसिला लगातार चार दिनों से कायम है। इसका नतीजा है कि माघी पूर्णिमा से एक दिन पहले ही महाकुंभ में कुल स्नानार्थियों की संख्या 46 करोड़ पार कर गई।
शनिवार से ही संगम में डुबकी के लिए भारी भीड़ आ रही है। मंगलवार को भी यह सिलसिला जारी रहा। हर प्रमुख मार्गों पर स्नानार्थियों का रेला रहा। भीड़ को देखकर यही लग रहा मानो हर कोई संगम की ओर आ रहा है या आना चाहता है।
मेला क्षेत्र में काली, त्रिवेणी, नागवासुकि, बांध समेत सभी मार्गों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ आने लगी जो देर रात तक की बनी रही। इसका नतीजा रहा कि संगम और ऐरावत ही नहीं मेला क्षेत्र के ज्यादातर घाटों पर स्नानार्थियों का लगातार दबाव बना रहा।
मेला प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार शाम आठ बजे तक 1.34 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। इसके बाद भी स्नानार्थियों के आने का क्रम जारी था। साथ ही सभी घाटों पर स्नानार्थियों की भीड़ रही। वहीं सोमवार तक 44.74 करोड़ लोगों ने स्नान किया था। इस तरह से मंगलवार को ही कुल स्नानार्थियों की संख्या 46 करोड़ को पार कर गई।