गिरफ्तारी मेमो में मिलीं खामियां
कोर्ट ने पाया कि गिरफ्तारी मेमो में गिरफ्तारी के कारणों वाले कॉलम में केवल औपचारिक रूप से हां लिखा गया था। गिरफ्तारी की जरूरत बताने वाले विवरण, बरामद सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और संबंधित दस्तावेजों की जानकारी वाले कई कॉलम खाली थे। इसके अलावा गिरफ्तारी के गवाहों और आरोपी के निकट संबंधी का विवरण भी दर्ज नहीं था। कोर्ट ने इसे सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के विपरीत माना। पुलिस ने भी अपने जवाबी हलफनामे में मेमो की इन खामियों से इन्कार नहीं किया।
काम के बोझ का हवाला देकर मजिस्ट्रेट ने मांगी माफी, कोर्ट ने नहीं मानी दलील
हाईकोर्ट ने कुशीनगर के जिला जज से स्पष्टीकरण मांगा था। पूछा था कि गिरफ्तारी मेमो में खामियां होने के बावजूद आरोपी को रिमांड पर कैसे भेज दिया गया। संबंधित मजिस्ट्रेट ने तीन अक्तूबर 2026 को दिए स्पष्टीकरण में न्यायिक कार्य, विशेषकर जमानत अर्जियों के अत्यधिक बोझ का हवाला देते हुए गलती स्वीकार की थी। साथ ही माफी मांगी थी। हालांकि, हाईकोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। कहा कि रिमांड के मामलों में मजिस्ट्रेट को अपने विवेक का इस्तेमाल करना होता है। जरूरत पड़ने पर पुलिस की रिमांड अर्जी खारिज की जा सकती है। आरोपी को निजी मुचलके पर रिहा भी किया जा सकता है। उचित सतर्कता बरती जाती तो बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर करने की जरूरत नहीं पड़ती।
कोर्ट ने कहा-पुलिस जानबूझकर करती है ऐसी गलती
कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि गिरफ्तारी मेमो में खामियों का यह कोई पहला मामला नहीं है। कई ऐसे मामले सामने आते हैं, जहां गिरफ्तारी मेमो सही तरीके से भरा गया होता तो आरोपी को जमानत तक नहीं मिलती। बार-बार सामने आ रही इन गलतियों से ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस यह सब जानबूझकर कर रही है, ताकि आरोपी इस तकनीकी गलती का लाभ उठाकर बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका के माध्यम से कोर्ट से रिहाई का आदेश हासिल कर सके।