गणतंत्र दिवस और मौनी अमावस्या के मद्देनजर शहर तथा मेला क्षेत्र में बुधवार शाम से सघन चेकिंग और चौकसी शुरू कर दी गई। मेले की तरफ जाने वाले वाहनों की तलाशी ली गई तो शहर में बस अड्डों, रेलवे स्टेशन तथा होटलों में पुलिस ने जांच की। बम डिस्पोजल स्कवॉयड और एंटी सबोटाज चेक टीम ने भी मेला क्षेत्र में जगह-जगह निरीक्षण किया। आधी रात तक में पुलिस ने अलग स्थानों पर 50 से भी ज्यादा लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की।
गणतंत्र दिवस पर पहले भी कई बार आतंकी घटनाओं की वजह से हर साल चौकसी बढ़ा दी जाती है। इलाहाबाद में इस बार 26 जनवरी के दूसरे ही रोज माघ मेला का प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या होने से पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है। मौनी अमावस्या पर देश भर से 50 लाख से भी ज्यादा लोग संगम में डुबकी लगाने के लिए आते हैं। पुलिस के सामने भीड़ नियंत्रण के साथ ही भगदड़ और आतंकी हमले जैसी घटनाओं से निपटने की भारी जिम्मेदारी होती है। इस बार गणतंत्र दिवस और मौनी अमावस्या की भीड़ एक साथ आ रही है। मंगलवार से ही आला पुलिस अधिकारी माघ मेला और शहर में भीड़ नियंत्रण की तैयारियों में जुटे हैं।
दूसरे जिलों से आए पुलिस बल के साथ ही पीएसी, रैपिड एक्शन फोर्स, होमगार्ड्स जवानों को अलग-अलग उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बारे में बताया गया। मेला क्षेत्र में दिन भर एंटी सबोटाज चेक टीम, बम डिस्पोजल स्कवॉयड, बारूद सूंघने में माहिर स्निफर डॉग के साथ छानबीन की गई। पुलिस ने मेले में जगह-जगह गाड़ियों को चेक किया तो विभिन्न खुफिया शाखाओं के जासूसों ने भी आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी। मेला क्षेत्र में लगे 45 सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी हो रही है।
शहर में दोपहर बाद पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर नाका लगाकर वाहन चेकिंग की। इस दौरान बाइक, स्कूटर के साथ ही फोर व्हीलर गाड़ियों को रोककर डिक्की तथा उसमें बैठे लोगों की तलाशी ली गई। जंक्शन पर दोपहर से जीआरपी थाना प्रभारी मनोज सिंह ने आरपीएफ दल के साथ मिलकर प्लेटफार्म और प्रमुख ट्रेनों में जांच की। चेकिंग में बीडीएस और स्निफर डॉग के साथ ही मेटल डिटेक्टर का सहारा लिया गया। जीआरपी ने यात्रियों के बैग-अटैचियों की भी तलाशी ली गई।
माघ मेला में मौनी अमावस्या पर उमड़ने वाली भीड़ को संभालने के लिए छह कंपनी पीएसी और तीन कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई है। इसके अलावा सात एंटी सबोटाज चेक टीम और आठ सौ होमगार्ड की तैनाती है। मेले में 12 थाने, 12 फायर स्टेशन, 34 पुलिस चौकी, एक महिला थाना बना है।
माघ मेला में भीड़ बढ़ने पर स्नानार्थियों को शहर में चार अलग स्थानों पर रोकने की व्यवस्था की गई है। कीडगंज में क्रास्टवेट गर्ल्स इंटर कॉलेज, जार्जटाउन में केपी इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस में बिशप जॉनसन कॉलेज, हिंदू महिला इंटर कॉलेज, डायट प्रशिक्षण केंद्र तथा खुल्दाबाद में खुशरोबाग में भीड़ रोकी जाएगी।