कौंधियारा क्षेत्र के गांव गोठी के रहने वाले दो भाई संदीप व सुनील समेत एक अन्य राजू पांडेय को मध्य प्रदेश की देवास पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। इन पर गांव में रहने वाले लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर करोड़ों रुपये की ठगी आरोप है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बृहस्पतिवार सुबह जब परिजन कौंधियारा थाना पहुंचे तो प्रभारी ने इसकी पुष्टि की। पता चला कि गांव का एक व्यक्ति आसपास के गरीब और बेरोजगार लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठग फर्जी लेन-देन के लिए किया जा रहा था। पता चला कि एक खाते में लगभग 1.67 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। मामले में थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि यह मामला एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ा है।