लोकसभा चुनाव से पहले रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सहारनपुर में एक कार्यक्रम में प्रयागराज से सहारनपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणा की थी। लेकिन अब तक इस ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हो सका है। वहीं रेलवे प्रशासन प्रयागराज-सहारनपुर वंदे भारत के स्थान पर अब सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत शुरू करने जा रहा है। रेलमंत्री ने एक पत्र के माध्यम से इसकी सूचना रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को दी है। उनका यह पत्र सोशल मीडिया में इन दिनों वायरल भी है। वैष्णव ने तकरीबन दो वर्ष पहले प्रयागराज-सहारनपुर के बीच ट्रेन चलाने का एलान किया था। तब कहा जा रहा था कि ट्रेन मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, रायबरेली के रास्ते प्रयागराज तक चलेगी।
रेलमंत्री ने 22 सितंबर को रक्षा मंत्री को भेजे गए पत्र में सहारनपुर से लखनऊ के बीच वंदे भारत चलाने की बात कही है जबकि मेरठ से वाराणसी एवं देहरादून से लखनऊ तक वंदे भारत का इस रूट पर पहले से ही संचालन हो रहा है। प्रयागराज जंक्शन सलाहकार समिति के सदस्य रौनक गुप्ता ने मांग की है कि सहारनपुर से लखनऊ के बीच चलाए जाने वाली वंदे भारत को प्रयागराज तक चलाया जाए।
सूरत से ही चलेंगी उधना से चलने वाली कई ट्रेनें
प्रयागराज से गुजरात की तरफ जाने वाली जिन ट्रेनों का ठहराव उधना रेलवे स्टेशन पर किया गया था उनका एक बार फिर से सूरत स्टेशन पर ठहराव बहाल किया जा रहा है। शुक्रवार दस अक्तूबर से सूरत रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का पुन: ठहराव शुरू हो जाएगा। इसमें 22967/22968 अहमदाबाद-प्रयागराज, 09117/09118 उधना-सूबेदारगंज, 19483/19484 अहमदाबाद-बरौनी, 19435/19436 अहमदाबाद-आसनसोल, 20903/20904 एकता नगर-वाराणसी एक्सप्रेस के नाम शामिल है। प्रयागराज के सूबेदारगंज स्टेशन की तरह उधना रेलवे स्टेशन भी सूरत का सेटेलाइट स्टेशन है।