लुधियाना से दिल्ली के लिए शुरू हुई जेट स्मार्ट की फ्लाइट
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के बाद बृहस्पतिवार से इलाहाबाद का पटना और लखनऊ से सीधा हवाई संपर्क हो जाएगा। इलाहाबाद से जेट एयरवेज 14 जून से लखनऊ और पटना की सीधी फ्लाइट शुरू करने जा रहा है। इसके बाद शनिवार से इंदौर, नागपुर के लिए भी हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। इसके लिए बम्हरौली एयरपोर्ट पर तैयारी शुरू हो गई है। जेट एयरवेज ने भी अपने अफसर एवं कर्मचारी तैनात कर दिए हैं। उद्घाटन समारोह में सूबे के उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में आने को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।
कुंभ मेले के पूर्व रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस) के तहत इलाहाबाद से देश के 13 शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू होनी है। इसकी शुरुआत 14 जून को इलाहाबाद से जेट एयरवेज की लखनऊ, पटना की उड़ान से हो रही है। इन दोनों शहरों के लिए इलाहाबाद से एटीआर (72 सीट) विमान चलेगा, जो अधिकतम 450 किमी प्रति घंटे की रफ्तार उड़ सकता है। इसके बाद 16 जून को इलाहाबाद से नागपुर, इंदौर की भी हवाई सेवा जेट एयरवेज शुरू कर देगा। इन चारों ही शहरों के लिए सप्ताह में तीन-तीन दिन फ्लाइट चलेगी। एयरपोर्ट में यात्रियों को विमान तक पहुंचाने के लिए दिल्ली से लो फ्लोर बस भी आ गई है। चेक इन करने के बाद यही बस यात्रियों को रनवे पर खड़े प्लेन तक ले जाएगी। बम्हरौली एयरपोर्ट के डायरेक्टर आरएस मिश्र के अनुसार सिविल टर्मिनल के निर्माण के बाद यात्री एयरो ब्रिज के माध्यम से ही सीधे प्लेन तक पहुंच जाएंगे। उन्होंने बताया कि सिविल टर्मिनल का निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।
प्लेन की आधी सीटों पर ही लागू रहेगी आरसीएस स्कीम
इलाहाबाद। इलाहाबाद से लखनऊ, पटना और उसके बाद इंदौर, नागपुर के लिए शुरू होने वाली फ्लाइट की आधी सीटों पर ही आरसीएस स्कीम लागू होगी। इन शहरों के लिए 72 सीट वाले प्लेन चलने हैं। इसमें 36 सीट पर यात्रियों को रियायती दरों पर टिकट मिलेगा। स्कीम के तहत का शुरुआती किराया 961 रुपये रहेगा, जबकि अधिकतम किराया 1410 रहेगा। बाकी की 36 सीटों पर कामर्शियल किराया ही संबंधित विमान कंपनी लेगी। हर रोज किराये की दर घट एवं बढ़ सकती है।