अंग्रेजी में 1320, जीव विज्ञान में 595 पदों पर होनी है भर्ती
हिंदी और सामाजिक विज्ञान पर विवाद से उहापोह की स्थिति
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) दीपावली के बाद 10 से 15 दिनों के भीतर एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत दो विषयों का रिजल्ट घोषित करने की तैयारी में है। इनमें अंग्रेजी और जीव विज्ञान का परिणाम शामिल हैं। वहीं, हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय का रिजल्ट विवादों में फंसा हुआ है।
प्रदेश के राजकीय इंटर कॉलेजों में 15 विषयों में 10768 पदों पर एलटी ग्रेड शिक्षकों की भर्ती होनी है। आयोग अब तक 11 विषयों का रिजल्ट जारी कर चुका है। हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान और जीव विज्ञान के रिजल्ट का अभ्यर्थियों को इंतजार है और एलटी ग्रेड शिक्षकों के तकरीबन 50 फीसदी पद इन्हीं विषयों में हैं। चारों विषयों में एलटी ग्रेड शिक्षकों के 5202 पदों पर भर्ती होनी है।
हिंदी विषय में शिक्षकों के 1433, अंग्रेजी में 1320, सामाजिक विज्ञान में 1854 और जीव विज्ञान में 595 पद हैं। हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय को लेकर विवाद था। इन्हीं विषयों के पेपर आउट होने के आरोप लगे थे और इस मामले में पूर्व परीक्षा नियंत्रक को जेल जाना पड़ा था। ऐसे में इन दोनों विषयों के रिजल्ट को लेकर उहापोह की स्थिति है। वहीं, अंग्रेजी और जीव विज्ञान का रिजल्ट आयोग 10 से 15 दिनों के भीतर जारी कर सकता है।
हालांकि पिछले कुछ दिनों में आयोग ने जिन विषयों के रिजल्ट जारी किए हैं, वे काफी चौंकाने वाले रहे। विज्ञान, गणित और कंप्यूटर विषय में योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण बड़ी संख्या में पद खाली रह गए। ऐसे में सबकी नजर अब आगामी रिजल्ट पर है। अब तक रिजल्ट की जो स्थिति रही है, उससे यही अनुमान लगाया जा रहा है कि अन्य विषयों के रिजल्ट भी अभ्यर्थियों को झटका दे सकता है। सबसे अहम रिजल्ट सामाजिक विज्ञान का होगा, जिसमें पेपर आउट होने के आरोप लगे थे।