प्रयागराज। सूबे के राजकीय इंटर कॉलेजों को अंग्रेजी के 1319 नए शिक्षक मिले गए हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने शुक्रवार को एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत अंग्रेजी विषय का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। खास यह कि इस बार आयोग को महिला वर्ग में एक पद छोड़कर सभी रिक्त पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी मिल गए हैं। आयोग की ओर से 29 जुलाई 2018 को हुई 15 विषयों की एलटी ग्रेड परीक्षा में अब तक हिंदी और सामाजिक विज्ञान को छोड़कर 13 विषयों का परिणाम घोषित किया जा चुका है।
अंग्रेजी और जीवविज्ञान से पहले घोषित कुछ परिणाम काफी निराशाजनक थे। विज्ञान, गणित और कंप्यूटर विषय में आधे से अधिक पद खाली रह गए, लेकिन, जीव विज्ञान के बाद अंग्रेजी विषय के रिजल्ट ने अभ्यर्थियों को राहत दी। अंग्रेजी में एलटी ग्रेड शिक्षक के 1320 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा पिछले साल 29 जुलाई 2018 को आयोजित की गई थी, जिसमें 48102 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। पुरुष वर्ग में 645 पदों के लिए 18985 अभ्यर्थियों और महिला वर्ग में 675 पदों के लिए 29117 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। अंग्रेजी विषय में एलटी ग्रेड शिक्षक के 1319 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों का चयन पूरी तरह से औपबंधिक है। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार चयनित सभी अभ्यर्थियों को अपने अभिलेखों का सत्यापन कराना होगा। सत्यापन की तिथि की सूचना अलग से जारी की जाएगी। सत्यापन न कराने पर अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा।
हाईकोर्ट के निर्णय के अधीन रहेगा परिणाम
- एलटी ग्रेड कंप्यूटर शिक्षक भर्ती को लेकर उच्च न्यायालय में कई याचिकाएं दाखिल हैं। आयोग के सचिव के अनुसार अंग्रेजी विषय का परिणाम न्यायालय में योजित याचिका विजयनाथ व अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। साथ ही अन्य मामलों में अलग से याचिका दाखिल करने वाले अभ्यर्थियों का परिणाम भी न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।
जल्द जारी होगा कटऑफ
- आयोग के सचिव के अनुसार परीक्षा परिणाम से संबंधित प्राप्तांक और श्रेणीवार/पदवार कटऑफ अंक आयोग की वेबसाइट पर जल्द प्रदर्शित किए जाएंगे। इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे और न ही उन पर कोई विचार किया जाएगा।